ईश्वरन के नाबाद शतक ने इंडिया बी को ख़राब स्थिति में पहुंचने से बचाया

अनंतपुर, 14 सितंबर (आईएएनएस)। दलीप ट्रॉफ़ी के दूसरे राउंड में इंडिया बी और इंडिया सी के बीच खेले जा रहे मुक़ाबले के तीसरे दिन इंडिया बी के बल्लेबाज़ क्रीज़ पर जमे रहे। इसमें सबसे बड़ा योगदान उनके कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन का रहा जो 143 रनों के निजी स्कोर पर नाबाद ही पवेलियन लौटे। हालांकि तीसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद इंडिया बी सात विकेट पर 309 रन अभी भी इंडिया सी से 216 रन पीछे है और इसकी बड़ी वजह अंशुल कंबोज बने जिन्होंने पंजा निकालते हुए इंडिया बी की एक अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में तब्दील होने से रोक लिया।

पहले बल्लेबाज़ी करते हुए इंडिया सी ने इशान किशन की शतकीय और मानव सुथार, ऋतुराज गायकवाड़ और बाबा इंद्रजीत की अर्धशतकीय पारी की बदौलत 525 रनों का विशालकाय स्कोर खड़ा किया था। दूसरे दिन इंडिया सी की पूरी टीम को समेटने के बाद इंडिया बी की शुरुआत भी बेहतरीन हुई थी और दूसरे दिन के खेल की समाप्ति के बाद इंडिया बी ने स्कोरबोर्ड पर बिना विकेट गंवाए 124 रन टांग दिए थे।

तीसरे दिन इंडिया बी को सबसे पहला झटका एन जगदीशन के रूप में लगा। कंबोज ने उन्हें 70 के निजी स्कोर पर चलता किया। जबकि इसके बाद उन्होंने ख़ान बंधुओं (सरफ़राज़ और मुशीर) को पगबाधा के ज़रिए अपना शिकार बना लिया। इसके बाद दूसरे राउंड में टूर्नामेंट का हिस्सा बने रिंकू सिंह भी कुछ ख़ास नहीं कर पाए और छह के निजी स्कोर पर कंबोज का ही शिकार बन गए। वहीं नितीश कुमार रेड्डी की भी कंबोज ने बोल्ड कर दिया।

कंबोज के अलावा इंडिया सी की ओर से विजयकुमर वैशाख साबित और मयंक मार्कंडेय सफल गेंदबाज साबित हुए, जिन्होंने क्रमशः वॉशिंगटन सुंदर और साई किशोर को पवेलियन का रास्ता दिखाया।

हालांकि कप्तान ईश्वरन दूसरे छोर पर डटे रहे और उन्होंने एक छोर संभाले रखा। जिसका नतीजा यह हुआ कि कंबोज की बेहतरीन गेंदबाज़ी के बावजूद इंडिया सी के गेंदबाज़ इंडिया बी को ऑल आउट नहीं कर पाए। ईश्वरन 12 चौकों और एक छक्के की मदद से 143 रन पर नाबाद हैं। अगले दिन उनकी कोशिश यही होगी कि वह अपनी पारी को आगे बढ़ाते हुए इंडिया बी को और बेहतर स्थिति में ले जाएं।

–आईएएनएस

आरआर/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More