पीएम मोदी भारत को सेमीकंडक्टर क्षेत्र में तेज गति से आगे बढ़ाना चाहते हैं : इंडस्ट्री एक्सपर्ट

ग्रेटर नोएडा, 12 सितंबर (आईएएनएस)। ग्लोबल इंडस्ट्री एसोसिएशन एसईएमआई के अध्यक्ष और सीईओ अजित मनोचा ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन सेमीकंडक्टर को लेकर बिल्कुल स्पष्ट है। मानवता के विकास के लिए वह इसे और तेजी से बढ़ाना चाहते हैं।

मनोचा ने तीन दिन तक चलने वाले ‘सेमीकॉन इंडिया 2024’ के उद्घाटन समारोह को संबोधित किया था। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत सेमीकंडक्टर का लीडर बनने की राह में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

ईवेंट के दूसरे दिन मनोचा ने कहा, “पीएम मोदी जानते हैं कि सेमीकंडक्टर हर डिवाइस का आधार है। उन्होंने देखा है कि कैसे चिप ने कोविड वैक्सीन बनाने में मदद की है। जब हम एक बार देश में चिप मैन्युफैक्चर करना शुरू कर देंगे। यह डिफेंस, ऑटोमोबाइल, मोबाइल डिवाइस और अन्य इंडस्ट्री के विकास में मदद करेगा।”

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत को शीर्ष सेमीकंडक्टर देशों में शामिल देखना चाहते हैं।

मनोचा ने आईएएनएस से कहा, “प्रधानमंत्री मोदी सेमीकंडक्टर के महत्व को अच्छे से जानते हैं। यह देश के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। जबसे मैं उनसे मिला हूं, वह लगातार सेमीकंडक्टर के विकास पर जोर दे रहे हैं। बुधवार को जब मैं उनसे तीसरी बार मिला तो पीएम मोदी ने कहा कि वह इस यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए और भी अधिक आक्रामक होना चाहते थे।”

मनोचा ने कहा कि भारत में चिप मैन्युफैक्चरिंग फ्रंट पर काफी काम हुआ है।

उन्होंने आगे कहा कि विदेशी कंपनियां अब भारत को इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर की मुख्य आपूर्ति श्रृंखला के रूप में देख रही हैं। इस इवेंट में इंडस्ट्री और इकोसिस्टम कंपनियों के 100 सीईओ और सीएक्सओ आए हुए हैं। सभी को विश्वास है कि वे मिलकर भारत को सेमीकंडक्टर में एशिया का पावरहाउस बना पाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि ‘सेमीकॉन इंडिया 2024’ ने साबित किया है कि भारत ग्लोबल सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री में अधिक मार्केट शेयर हासिल कर सकता है।

–आईएएनएस

एबीएस/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More