प्रयागराज के धूमनगंज में डबल मर्डर और सुसाइड का सनसनीखेज मामला

प्रयागराज, 8 सितंबर (आईएएनएस)। यूपी के प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में डबल मर्डर और सुसाइड की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां एक घर के कमरे में दो बेटियों का शव खून से लथपथ पाया गया। इसके अलावा, पिता का शव फांसी के फंदे से लटका मिला है।

घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आशंका जताई जा रही है कि मृतक ने पहले अपनी बेटियों की हत्या चाकू से गोदकर की और बाद में खुद फांसी के फंदे पर लटक गया। जांच के लिए फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। इस पूरे मामले में पुलिस सभी पहलुओं को लेकर गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच के अनुसार मृतक ने पहले अपनी बेटियों की हत्या की और फिर खुद फांसी लगा लिया। पुलिस परिजनों से बातचीत करके अधिक जानकारी जुटा रही है। साक्ष्य के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। मृतक की पहचान मनीष के रूप में हुई है, जो पेशे से एक पेंटर है।

प्रयागराज के एडिशनल सीपी एन कोलांची ने बताया कि 112 हेल्पलाइन के जरिए हमें जानकारी मिली थी कि धूमनगंज इलाके स्थित एक घर के अंदर एक शख्स का शव फांसी के फंदे पर लटका है और उनकी दो बेटियों (एक की उम्र पांच साल और एक की उम्र तीन साल) का शव भी पड़ा है। कमरा अंदर से बंद था। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो जमीन पर दो बच्चियों की लाश खून से लथपथ और मनीष का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया।

उन्होंने आगे कहा कि दोनों बेटियों की पेट पर चाकू के घाव हैं। मृतक की पत्नी फिलहाल बात करने की स्थिति में नहीं है, उनकी पत्नी से बात करने के बाद स्थिति साफ होगी।

–आईएएनएस

पीएसके/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More