लखनऊ हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान

नई दिल्ली, 8 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के सरोजनी नगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में इमारत ढहने की घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। इसकी जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया के जरिए दी।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने लखनऊ हादसे पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”लखनऊ में बिल्डिंग गिरने की दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु से मुझे गहरा दुख पहुंचा है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।”

पीएम मोदी ने लखनऊ हादसे पर दुख जाहिर करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”उत्तर प्रदेश के लखनऊ में एक इमारत दुर्घटना में लोगों की मौत दुखद है। मैं उन लोगों के साथ प्रार्थना करता हूं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

उन्होंने हादसे में जाने गंवाने वाले लोगों के परिवार को आर्थिक सहायता देने की घोषणा करते हुए लिखा, ”प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50,000 रुपये की सहायता दी जाएगी।”

शनिवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में तीन मंजिला इमारत ढह गई थी, जिसमें अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है। पुलिस ने बताया था कि इमारत को करीब चार साल पहले बनाया गया था। हालांकि, बिल्डिंग में अभी भी कुछ काम चल रहा था। शनिवार शाम को 4:45 बजे अचानक बिल्डिंग भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त ग्राउंड फ्लोर पर लोग काम कर रहे थे।

राहत आयुक्त जीएस नवीन ने रविवार को बताया कि एसडीआरएफ ने बचाव अभियान के दौरान तीन लोगों के शव बरामद किए हैं, जिनकी पहचान राज किशोर (27), रुद्र यादव (24) और जगरूप सिंह (35) के रूप में हुई है। अब तक आठ लोगों की मौत हुई है। मृतकों में जसप्रीत सिंह साहनी, धीरज गुप्ता, पंकज तिवारी, अरुण सोनकर, राकेश लखन पाल, राज किशोर, रुद्र यादव और जगरूप सिंह शामिल हैं।

–आईएएनएस

एसके/

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More