हरियाणा का संदिग्ध माओवादी बेंगलुरु में गिरफ्तार

बेंगलुरु, 6 सितंबर (आईएएनएस)। हरियाणा के एक संदिग्ध माओवादी को बेंगलुरु में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिरुद्ध के रूप में हुई है। वह अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने बेंगलुरु आया था और एक लॉज में पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपी अनिरुद्ध के पास से दो बैग, पेन ड्राइव और एक टैबलेट बरामद किया है। सूत्रों के अनुसार, अनिरुद्ध भाकपा माओवादी के लिए काम कर रहा था और विध्वंसक गतिविधियों में शामिल था।

एक गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए, सेंट्रल सिटी क्राइम ब्रांच (सीसीबी) से संबद्ध आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने उसे उस समय धर दबोचा, जब वह आरटीसी बस से चेन्नई जाने की तैयारी में था।

हरियाणा से आने के बाद अनिरुद्ध बेंगलुरु के सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट के उप्परपेट थाना क्षेत्र में एक लॉज में रह रहा था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गुरुवार सुबह चेन्नई जाने की तैयारी करते समय उसे मैजेस्टिक केएसआरटीसी बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया।

संदिग्ध व्यक्ति प्रतिबंधित साहित्य का प्रसार करने में संलिप्त था और अब तक पुलिस से बचता रहा था। वह माओवादी गतिविधियों में शामिल था और एक प्रतिबंधित संगठन का सदस्य था।

पुलिस के अनुसार, अनिरुद्ध जिस प्रतिबंधित संगठन के लिए काम करता था, उसके लिए धन एकत्र करता था और देश भर में गुप्त बैठकें करता था।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि संदिग्ध तीन-चार दिन पहले अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने बेंगलुरु आया था। आरोपी के पास विकास घाडगे नाम से फर्जी आधार कार्ड मिला है। इस संबंध में उप्परपेट थाने में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत आरोप लगाया है और आगे की जांच के लिए उसे हिरासत में ले लिया है। सूत्रों ने बताया कि कर्नाटक पुलिस ने यह जानकारी हरियाणा स्थित अपने समकक्षों के साथ साझा की है तथा आरोपियों से पूछताछ के लिए हरियाणा से एक टीम आने की उम्मीद है।

कर्नाटक पुलिस विभाग की ओर से अभी आधिकारिक बयान आना बाकी है। सूत्रों ने कहा कि पुलिस पूरी जांच करेगी क्योंकि कर्नाटक के पहाड़ी और तटीय जिलों में माओवादी नेटवर्क सक्रिय हैं। पुलिस ने पहले इन क्षेत्रों से विदेशों तक सैटेलाइट फोन के जरिये कॉल किये जाने का पता लगाया था।

–आईएएनएस

आरके/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More