रिम्स: MBBS छात्रों और होमगार्ड जवानों के बीच मारपीट मामले में जांच समिति ने सौंपी रिपोर्ट
रांची: बीते 27 अगस्त को रिम्स में होमगार्ड जवानों और MBBS स्टूडेंट्स के बीच हुए मारपीट मामले में रिम्स की जांच समिति ने सोमवार को अपनी जांच रिपोर्ट सौंप दी। इस मामले में जांच समिति ने बिंदुबार रिपोर्ट सौंपी है, जिसमें मेडिकल छात्रों और होमगार्ड जवानों के आरोपों और मारपीट के मामले में आए तथ्यों को उजागर किया गया है:
जांच समिति ने अपनी जांच में पाया कि घटना वाले दिन रिम्स में मौजूद स्टेडियम का गेट बंद होने की वजह मामले की शुरुआत हुई। एमबीबीएस छात्रा ने मोबाइल में अपना आईडी कार्ड दिखाया, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद होमगार्ड के जवान उसे मानने को तैयार नहीं हुए। बहस के बाद छात्रा स्टेडियम में घुस गई और 30 मिनट तक घूमती रही, जहां बाहरी लोग भी मौजूद थे। जब उसने स्टेडियम से बाहर निकलने की कोशिश की, तो पाया कि गेट बाहर से बंद था जिस वजह से वह घबरा गई।
जांच समिति ने अपनी जांच में यह भी पाया कि जिन डॉक्टरों के नाम एफआईआर में दर्ज हैं, वे घटना के समय ड्यूटी पर मौजूद थे और उनके नाम आपातकालीन विभाग में ड्यूटी रोस्टर में दर्ज थे। इसके अलावा मारपीट की घटना के दौरान दोनों पक्षों की ओर से अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे रिम्स जैसे प्रीमियर संस्थान की छवि प्रभावित हुई है। दोनों पक्षों को अभद्र भाषा का प्रयोग करने से बचना चाहिए था। वीडियो में दोनों पक्षों की ओर से धक्का-मुक्की भी दिखाई दे रही है।
जांच समिति को साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत वीडियो रिकॉर्डिंग में घटना के दिन (सूचित समयानुसार रात्रि 10 बजे) बड़ी संख्या में गार्ड बैडमिंटन कोर्ट से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं जबकि उस समय वहां केवल कुछ छात्र ही दिखाई दे रहे थे। इस घटना के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। वहीं वीडियो के माध्यम से चिह्नित किए गए लगभग 20 जवानों को तत्काल प्रभाव से रिम्स परिसर से हटा दिया गया है।
जांच समिति अनुशंसा करती है कि मारपीट की इस घटना में दोनों पक्ष से कई लोग घायल हुए हैं, ऐसे में दोनों पक्षों के पीड़ित एक सप्ताह के भीतर अपनी चोट रिपोर्ट प्रस्तुत करें। इस के अलावा दोनों पक्षों के बयान के अनुसार न तो कोई हथियार लूटा गया और न ही किसी लड़की या महिला से छेड़छाड़ जैसी कोई घटना हुई है।
जांच समिति ने उस मामले की भी जांच की है जिसमें एक होमगार्ड जवान ने निम्न जाति का कहे जाने की शिकायत दर्ज कराई है। इसमें दूसरे पक्ष ने ऐसी बात कहने से मना किया है। चिकित्सकों की ओर से सभी जातियों और धर्मों के छात्र शामिल थे। घटना की शुरुआत एक चिकित्सक लड़की से हुई जो स्वयं एसटी समुदाय से है।
मीडिया खबरों पर रिम्स के छात्रों का स्पष्टीकरण
रिम्स में हुई मारपीट मामले में रिम्स के एमबीबीएस छात्रों ने अपनी ओर से जांच समिति को घटना को लेकर स्पष्टीकरण भी दिया है। इसमें छात्रों ने कहा है कि होमगार्ड जवानों की ओर से कराए गए एफआईआर में जिन छात्रों के नाम दर्ज कराए गए हैं, वे उस समय घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे। उनके पास अपने इस दावे को पुख्ता करने के लिए कई ठोस सबूत और साक्ष्य मौजूद हैं। उनमें से अधिकांश छात्र आपातकालीन विभागों में अपनी ड्यूटी कर रहे थे।
इस घटना को लेकर मीडिया में आई खबरों पर छात्रों का कहना है कि संस्थागत एफआईआर को काउंटर एफआईआर बताया गया है, जो सत्य नही है। छात्र, जेडीए (जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन) सदस्य, अपर चिकित्सा अधीक्षक लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. शैलेश त्रिपाठी और डॉ. लखन मांझी के साथ संस्थागत एफआईआर दर्ज कराने के लिए रात करीब 9:30 बजे इंटीग्रेटेड कंट्रोल रूम गए थे। एफआईआर दर्ज करने के दौरान उन्हें छात्रों से खबर मिली कि बैडमिंटन कोर्ट को होमगार्ड के जवानों ने घेर लिया है और उनमें से कुछ बैडमिंटन कोर्ट के अंदर घुस गए हैं और बिना किसी उकसावे के निहत्थे छात्रों को लाठियों से पीटना शुरू कर दिया है, जिनकी संख्या करीब 100 थी। इसकी सूचना मिलने पर सभी पदाधिकारी एफआईआर की कार्रवाई को छोड़कर बैडमिंटन कोर्ट की ओर चले गए , जिससे एफआईआर दर्ज करने में देरी हुई।
छात्रों की ओर से जातिसूचक अपमानजनक टिप्पणी के दावों के संबंध में छात्रों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी होमगार्ड ने नाम का बैज नहीं पहना था और उनकी पहचान और जाति अज्ञात थी, जबकि झड़प के समय सभी धर्मों और समुदायों के छात्र मौजूद थे। इसलिए होमगार्ड जवानों की ओर से लगाया जा रहा यह आरोप पूरी तरह से असत्य और निराधार है। इसके अलावा छात्रों द्वारा कोई हथियार नहीं लूटा गया और न ही ऐसा कोई प्रयास किया गया क्योंकि छात्रों को शस्त्रागार के स्थान की कोई जानकारी नहीं थी। वहीं छात्रों द्वारा किसी भी महिला होमगार्ड के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क नहीं किया गया और न ही किसी की वर्दी फाड़ी गई। ये सभी मनगढ़ंत और निराधार आरोप छात्रों और डॉक्टरों की गरिमा को बदनाम करने के लिए लगाए जा रहे हैं।
