चुनाव से पहले कई जेएमएम विधायक बदल सकते हैं पाला, हो सकते हैं भाजपा में शामिल
चाईबासा: कोलहान टाईगर सह पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा से भाजपा में शामिल होते ही कोल्हान में जेएमएम को मात देने की रणनीति तैयार कर ली है। ख़बर है कि चंपई दा कोल्हान में भाजपा की ओर से विधानसभा चुनाव में युवा प्रत्याशी को खड़ा करने पर जोर दिए जाने की तैयारी में हैं। इनमें जेएमएम के युवा कद्दावर जुझारू और आंदोलनकारी जैसे नेता, कार्यकर्ताओं पर चंपई की नजर है। चाईबासा विधानसभा से सबसे ऊपर जेएमएम के जिला सचिव सोना राम देवगम का नाम है तो वहीं मझगाँव विधानसभा से जेएमएम के वरिष्ठ नेता और ग्रामीण संवेदक संघ के मुखिया सुनील सिरका का नाम सूची में दर्ज है।
चक्रधरपुर विधानसभा सीट पर भाजपा नेता सह जेएमएम के पूर्व विधायक शशिभूषण सामड के साथ साथ विजय गगराई को भी प्रत्याशी सूची में रखा गया है तो वहीं मनोहरपुर विधानसभा सीट पर बिरसा मुंडा के साथ साथ जदयू के जिला अध्यक्ष विश्राम मुंडा को भी पार्टी अपना प्रत्याशी बनाने पर विचार कर रही है। जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र को चंपई सोरेन ने कोड़ा दंपति के लिए छोड़ रखा है। सूत्रों की मानें तो कोल्हान में टिकट बंटवारे का जिम्मा चंपई सोरेन पर है, इसलिए एक रणनीति के तहत सालों से जेएमएम में रह रहे नेता और कार्यकर्ता भाजपा से प्रत्याशी बना कर जेएमएम के वोट बैंक पर सेंधमारी करने की योजना बनाई गई है।
सूत्रों के अनुसार विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कई मौजूदा विधायकों के पाला बदल करने का अनुमान लगाया जा रहा है, सुखराम उरांव अपने आप को जेएमएम में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। विजय गगराई के बढ़ते प्रभाव और बागी होकर कैंडिडेट होने की चर्चा से काफी घबराए हुए हैं। वहीं एक रणनीति के तहत जेएमएम के जुझारू नेता और कार्यकर्ता को चंपई सोरेन भाजपा से प्रत्याशी बनायेंगे।
