जगन्नाथपुर विधानसभा चुनाव 2024: चंपाई के खेल में फंसा सोनाराम सिंकू का कांटा

रांची: कोल्हान में मचे सियासी कोहराम में सबसे अधिक संकट के बादल जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू की सियासत पर मंडराता पर नजर आ रहा है. मधु कोड़ा की पसंद माने जाने वाले सोनाराम सिंकू चंपाई सोरेन के इस सियासी बंबडर में बूरी तरह फंसते नजर आ रहे हैं. दरअसल वर्ष 2019 में जब गीता कोड़ा कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीत कर संसद पहुंचने में सफल रही और भ्रष्टाचार के मामले में मधु कोड़ा कानूनी पेचीदगियों का सामना कर रहे थें. सोनाराम सिंकू को जगन्नाथ विधानसभा में मधु कोड़ा के चेहरे के रुप में उतारा गया था. दावा किया जाता है कि तब सोनाराम सिंकू की जीत के पीछे कोड़ा दंपत्ति का आशीर्वाद था. सोनाराम सिंकू का चुनावी कमान भी कोड़ा दंपत्ति के पास ही थी.

भ्रष्टाचार का प्रतीक पुरुष अब भाजपा के साथ

जगन्नाथपुर विधानसभा चुनाव 2024:  चंपाई के खेल में फंसा सोनाराम सिंकू का कांटा
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करते मधु कोड़ा

 

यह वह दौर था, जब भाजपा मधु कोड़ा दंपति को भ्रष्टाचार का प्रतीक पुरुष बताते हुए हर दिन एक नया मोर्चा खोलती थी, लेकिन वक्त का पहिया घूमा और आज वही मधु कोड़ा कोल्हान में भाजपा की चुनावी सफलता का केन्द्र बिन्दू बन कर सामने आये हैं. कोल्हान में चंपाई सोरेन के बाद यदि भाजपा को किसी दूसरे चेहरे पर विश्वास है तो वह हैं मधु कोड़ा. भाजपा के इस सियासी पलट से मधुकोड़ा समर्थकों की उम्मीदें भी सातवें आसमान है. उन्हे एक बार फिर से सीएम की कुर्सी सामने खड़ी दिखलाई देने लगी है. उनका दावा है कि जल्द ही मधु कोड़ा का सारा दाग धुलने वाला है, और यह सफाई भाजपा के हाथों ही होगी. शायद यही कारण है कि कांग्रेस और महागठबंधन के नेताओं के द्वारा जिस मधुकोड़ा के साथ सार्वजनिक रुप से मंच शेयर करने से भी परहेज किया गया, आज वही मधु कोड़ा औपचारिक रुप से भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर चुके हैं और यहीं से सोनाराम की सियासत फंसती नजर आ रही है.

गॉड फादर के साथ वफादारी या चुनावी अखाड़े में मुकाबला

मुश्किल यह है कि सोनाराम कांग्रेस के साथ जायें या फिर अपने गॉड फादर के साथ आगे की सियासी यात्रा करें, दुविधा यह है कि यदि मधु कोड़ा के साथ वफादारी का भी रास्ता चुना जाता हो तो भी बात बनती नजर नहीं आती, दावा किया जा रहा है कि भाजपा में जाने के साथ ही मधु कोड़ा अपने उपर लगे सारे आरोपों से मुक्त होने जा रहे हैं, कानूनी पेचीदगियों से मुक्ति मिलने वाली है और यदि ऐसा होता तो मधु कोड़ा के लिए एक बार फिर से चुनावी अखाड़े में दमखम दिखलाने का रास्ता साफ हो जायेगा, इसके बाद सोनाराम सिंकू के सामने  2019 का कर्ज वसूलने का ही विकल्प होगा. दूसरा विकल्प  कांग्रेस के झंडे के साथ चुनावी अखाड़े में उतर मधु कोड़ा य़ा फिर उनके किसी नये सिपहसलार के खिलाफ अपनी सियासी ताकत को आजमाने का है, लेकिन इस स्थिति में जीत की कोई गारंटी नहीं नजर नहीं आती.

 जगन्नाथपुर में मधु कोड़ा का जादू

आपको बता दें कि वर्ष 2000 से इस सीट पर मधु कोड़ा की जबरदस्त सियासी पकड़ रही है. वर्ष 2000 में इस सीट से अपने सियासी सफर की शुरुआत करते हुए मधु कोड़ा ने 25,818 वोट हासिल किया था, जबकि कांग्रेस की ओर से मैदान में उतरे सोनाराम बिरुआ को 18,394 के साथ दूसरा स्थान और झामुमो के बैनर के साथ मोर्चा संभालने वाले मंगल सिंह बोगोंदा को 11,720 के साथ तीसरे स्थान पर सिमटना पड़ा था.  वर्ष 2005 में एक बार फिर से मधुकोड़ा ने  26882 वोट के साथ इस सीट पर अपना झंडा बुलंद किया, जबकि इस बार फिर कांग्रेस की ओर से बैटिंग करने वाले मंगल सिंह सिंकू को महज 12,095 पर सिमटना पड़ा. वर्ष 2009 में मधु कोड़ा के बाद यह सीट गीता कोड़ा के पास आयी, तब गीता कोड़ा ने 37,145 के साथ एक बार फिर से कोड़ा परिवार का झंडा बरकरार रखा, जबकि इस बार कांग्रेस का साथ छोड़ भाजपा के टिकट पर उतरे सोनाराम बिरुआ को 11,405 पर सिमटना पड़ा, वर्ष 2014 में एक बार फिर गीता कोड़ा 48,546 के साथ इस सीट को अपने नाम कर गयी, वहीं जबकि झामुमो छोड़ भाजपा का दामन थामने वाले मंगल सिंह सुरेन को महज 23925 वोट के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. 2019 आते-आते गीता कोड़ा कांग्रेस में शामिल हो गयी, हालांकि कांग्रेस ने मधु कोड़ा को एंट्री देने से इंकार कर दिया. कांग्रेस में शामिल होते ही गीता कोड़ा को लोकसभा चुनाव में उतारा गया और चाईबास संसदीय सीट से जीत भी मिल गयी, गीता कोड़ा की इसी जीत से सोनाराम सिंकू का किस्मत खूला.चूंकि मधु कोड़ा को चुनाव लड़ने पर रोक थी, इस हालत में कोड़ा दंपत्ति ने अपना सबसे विश्वसनीय चेहरा सोनाराम सिंकू पर दांव खेला और कांग्रेस के टिकट पर मैदान में उतार दिया, कोड़ा दंपत्ति के आशीर्वाद से जनता का भी प्यार मिला और 32499 वोट के साथ विधानसभा पहुंचने में कामयाब रहें.

इधर कुंआ उधर खाई

जगन्नाथपुर विधानसभा चुनाव 2024: चंपाई के खेल में फंसा सोनाराम सिंकू का कांटा
ग्राफिक इमेज

 

लेकिन इस बार सोनाराम सिंकू के सामने इधर कुंआ, उधर खाई की स्थिति हैं. यदि वह भाजपा में शामिल होते हैं तो भी कोड़ा दंपत्ति उन पर एक और दांव खेलेगी, इसकी कोई गारंटी नहीं है. कानूनी पेचदीगियों से बाहर निकलते ही मधु कोड़ा का चुनावी अखाड़े में उतरा तय है और यदि कांग्रेस के साथ चलने का फैसला करते हैं तो  जीत की मजबूत संभावना नजर नहीं आती. आंकड़े इस बात का पुख्ता गवाह है कि वर्ष 2000 के बाद जगन्नाथपुर सीट पर मधु कोड़ा का जादू चलता रहा है. इस हालत में देखना दिलचस्प होगा कि क्या इन पांच वर्षो में सोनाराम सिंकू ने अपनी सियासी जमीन को इस हद तक मजबूत किया है कि कोड़ा दंपत्ति की चुनौतियां अब कोई मायने नहीं रखती  या फिर कांग्रेस अपने रणनीतिक प्रबंधन के जरिये सोनाराम के सामने पसरा इस कांटा को बाहर करने की स्थिति में है या फिर कोल्हान की सियासत में जमीनी रुप से सबसे मजबूत दिखने वाली झामुमो के पास इस कांटे की कोई काट है. फिलहाल तो इसमें से कुछ भी नजर नहीं आता और यही सोनाराम सिंकू की सियासत का सबसे बड़ा कांटा है.

     

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More