अमित शाह ने विकसित व महान भारत बनाने के लिए लोगों से की भाजपा का सदस्य बनने की अपील

नई दिल्ली, 2 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र और महान भारत बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के लोगों से बड़े पैमाने पर भाजपा का सदस्य बनने की अपील की है।

अमित शाह ने पार्टी के राष्ट्रीय सदस्यता अभियान को लेकर कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी के सभी शुभच‍िंतकों और कार्यकर्ताओं के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण और शुभ दिन है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू करेंगे। भाजपा विश्व की सबसे बड़ी और जीवंत पार्टी है। देश के लोकतांत्रिक क्षेत्र में काम करने वाली सभी पार्टियों में भाजपा अनूठी और कार्यकर्ताओं की पार्टी है।

शाह ने कहा कि हमारे लिए संगठन महज कागज पर बनी हुई एक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि हमारी पार्टी का प्राण है और आत्मा है और आज संगठन पर्व की शुरुआत, नए संगठन की रचना की शुरुआत सदस्यता पर्व से हो रही है। भाजपा ने देश की राजनीति में कई बड़े-बड़े योगदान दिए हैं, विशेष कर इस 10 साल के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युग परिवर्तनकारी फैसले हुए हैं, हर क्षेत्र में देश ने ऊंचाइयों को छुआ है। पीएम मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का सपना देश की 140 करोड़ की हमारी जनता को दिया है। उस सपने को हासिल करने के लिए भाजपा को मजबूती देना व मजबूत संगठन बनाना जरूरी है।

अमित शाह ने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित बनाने और महान भारत बनाने के लिए वह भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से अपील करना चाहते हैं कि आइए फिर से एक बार भाजपा से जुड़ें और हमारे संगठन को ऊंचाइयों के नए शिखर तक ले जाएं।

उन्होंने लोगों से भी बड़े पैमाने पर भाजपा से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि मिस्ड कॉल के जरिए भी भाजपा की सदस्यता ली जा सकती है। मिस्ड कॉल के बाद जो एसएमएस आएगा, उसमें सारा ब्यौरा भरकर भेजना है। यह डिटेल पार्टी को आपको जिम्मेदारी देने में, आपका पार्टी के साथ जुड़ाव करने में और आपकी शक्तियों का उपयोग करने में लाभकारी होगा। उन्होंने कहा कि मिस्ड कॉल करिए और फिर आने वाले एसएमएस में अपना डेटा भी भरिए।

–आईएएनएस

एसटीपी/एबीएम

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More