ग्रामीणों को केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ मिले, यह मेरा प्रयास है: राज्यपाल

रांची: राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को सरायकेला जिले के रुगड़ी पंचायत में ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनमानस के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ लोगों को मिल रहा है अथवा नहीं, इसे जानने के लिए ही वह राजभवन से निकल कर आम जनता के बीच आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी चाहते हैं कि आप सभी को योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ मिले, विभिन्न योजनाओं के लाभ प्राप्त करने में कोई समस्या हो तो उससे बताएँ ताकि सरकार व प्रशासन को इससे अवगत कराया जा सके और आपकी समस्याओं का निदान हो सकें। 

राज्यपाल ने कहा कि किसानों के लिए वर्तमान में ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान योजना’, माताओं-बहनों के लिए ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ जैसी कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं। साथ ही सबका अपना घर हो, इस हेतु आवास योजना की भी सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि विभिन्न वैज्ञानिक शोधों से मिले निष्कर्ष के आधार पर सरकार का मानना है कि आधी से अधिक बीमारी का कारण दूषित पेयजल है। इस परिप्रेक्ष्य में, केन्द्र सरकार द्वारा सभी को नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल आपूर्ति करने हेतु सक्रियता से कार्य किया जा रहा है।

इस मौके पर जब राज्यपाल ने ग्रामीणों से योजनाओं के कार्यान्वयन में लोगों की समस्याओं को पूछा तो एक ग्रामीण महिला के प्रधानमंत्री उज्ज्वला गैस कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत पर तत्काल इसे प्रदान करने का अधिकारियों को निर्देश दिया। इस दौरान महिला ने राज्यपाल को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर मिलने और घर में शौचालय की सुविधा होने की भी जानकारी दी। इसी दौरान महिला ने लकड़ी पर खाना बनाने की बात कही तो राज्यपाल ने तत्काल उज्जवला योजना का लाभ दिए जाने का निर्देश दिया। ग्रामीण द्वारा रंगामाटी से सिल्ली तक फोरलेन सड़क नहीं बनने की समस्या की ओर ध्यान आकृष्ट किया तो वहीं कुछ लोगों ने ग्राम बसहातू में सड़क समस्या से उन्हें अवगत कराया गया।

ग्रामीणों ने कहा कि उनके गांव में सड़क सुविधा नहीं है, जिस कारण किसी के बीमार होने पर एम्बुलेंस सुविधा से भी वंचित रहते हैं। साथ ही, खाद्यान्न पदार्थ लेने जाने में भी समस्या होती है। राज्यपाल महोदय ने इसे गंभीरता से लिया। राज्यपाल महोदय के निदेश के आलोक में उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां द्वारा कहा गया कि प्रखंड विकास पदाधिकारी को आज उक्त ग्राम जाकर अवलोकन करने हेतु निदेशित किया गया। उक्त अवसर पर स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने कहा कि पूर्व में उनकी स्थिति अच्छी नहीं थी, लेकिन समूह से जुड़ने के उपरांत उनकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। 

इस मौके पर राज्यपाल ने सखी मंडल की सदस्यों के समूह के मध्य सीआईएफ के तहत चेक का वितरण किया तो वहीं लाभुकों के मध्य विभिन्न योजनान्तर्गत यथा उरद मिनी कीट(कृषि), मातृत्व प्रसूति प्रसुविधा योजना, मेधावी पुत्र/पुत्री छात्रवृत्ति योजना (श्रम), प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना, केसीसी, पीएमएफएमई, प्रधानमंत्री जनमन योजना, वनाधिकार पट्टा अधिनियम के तहत भूमि पट्टा का लाभ प्रदान किया गया।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More