आई फ्लू: अस्पतालों में तेजी से बढ़ रहे कंजक्टिवाइटिस के मामले, डॉक्टरों ने दी यह सलाह
रांची: पिछले एक महीने में अस्पतालों में आई फ्लू के मरीजों की संख्या में अचानक से तेजी आई है। सदर अस्पताल हो या रिम्स या पिर निजी अस्पताल और क्लिनिक। सभी जगहों में आने वाले मरीजों में खासकर आंखों की समस्याओं से जुड़े मामलों में आई फ्लू के मामले अधिक हैं। सदर अस्पताल में पिछले 30 दिनों में यानी अगस्त के महीने में ही 2000 से अधिक मरीज अपनी आंखों से जुड़ी समस्याओं को लेकर पहुंचे। वहीं रिम्स में भी आने वाले मरीजों की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले अधिक है। डॉक्टरों ने ऐसी समस्याओं में नजर अंदाज न करने की सलाह दी है।
ओपीडी में प्रतिदिन 30-40 फीसदी मरीज़
अस्पताल आने वाले मरीजों के आंकड़ों को यदि देखें तो केवल सदर अस्पताल में ही पिछले 30 दिनों में लगभग 2000 से अधिक मामले आंखों से जुड़ी विभिन्न प्रकार की समस्याओं के आ चुके हैं। इनमें 21 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की मानें तो केवल पिछले सप्ताह में ही अस्पताल आने वाले मरीजों में प्रत्येक दिन लगभग 30 से 40% मामले कंजक्टिवाइटिस के मरीजों के हैं। कुछ ऐसा ही हाल रिम्स और निजी अस्पतालों व आई क्लिनिकों का भी है। रिम्स में भी लगातार ओपीडी में कंजक्टिवाइटिस (आई फ्लू) से पीड़ित मरीजों का आना अचानक बढ़ गया है।
आई फ्लू को लेकर मरीजों का भी कहना है कि उनके टोले में कई लोग इस बीमारी से पीड़ित हैं तो वहीं एक अन्य मरीज के परिजनों का कहना है कि बच्चे भी आई फ्लू से पीड़ित हो रहे हैं। ऐसे मामलों में डॉक्टर आई ड्रॉप्स लेने के अलावा तौलिया, साबुन और अन्य सामान को कुछ दिनों के लिए अलग करने की सलाह दे रहे हैं तो वहीं चश्मा के उपयोग करने पर भी डॉक्टरों ने जोर दिया है।
क्यों बढ़ रहे आई फ्लू के मामले
आई फ्लू के बढ़ते मामलों को लेकर डॉक्टरों का कहना है कि बारिश के दिनों में हवा में आई फ्लू का वायरस काफी अधिक सक्रिय रहता है और धूल के कणों के साथ यह वायरस आंखों में प्रवेश कर जाता है, जिसके कारण आंखें संक्रमित हो जाती हैं। ऐसे में जरूरी है कि बाहर से घर आने के बाद आंखों को अच्छे से साफ पानी से धोना चाहिए। हल्के लक्षण भी दिखने पर आंखों को रगड़ना नहीं चाहिए बल्कि डॉक्टरों की सलाह लेनी चाहिए। रगड़ने से वायरस के पूरी आंखों में फैलने का खतरा बढ़ जाता है और मामला गंभीर हो जाता है।
कैसे पहचानें आई फ्लू: डॉक्टरों के अनुसार आई फ्लू की पहचान आंखों में चुभन, जलन और लालिमा के साथ पानी आने लगे, तो इसका अर्थ है कि आप आई फ्लू की चपेट में आ गए हैं। बीमारी वायरल और बैक्टीरियल दोनों वजहों से होती है, लेकिन वायरल वाले संक्रमण का फैलाव ज्यादा होता है. इसलिए सतर्कता ज्यादा जरूरी है। छोटे बच्चे इसके शिकार ज्यादा हो रहे हैं. चिकित्सकों के मुताबिक वायरस और बैक्टीरिया दोनों का संक्रमण देखा जा रहा है. इसलिए डॉक्टर एंटीबायोटिक्स का प्रयोग करने से बच रहे हैं.
क्या है कंजक्टिवाइटिस ?
मॉनसून आते ही यह वायरल इंफेक्शन अपना पैर पसारने लगता है. इस वायरल इंफेक्शन की चपेट में आने से आंखों में लाली और जलन की शिकायत होने लगती है. इसे कंजक्टिवाइटिस, पिक आई इंफेक्शन, आई फ्लू, स्थानीय बोलचाल की भाषा में जयबंगला और आंख आने की बीमारी के नाम से भी जाना जाता है.
ये हैं कंजक्टिवाइटिस के प्रकार और कारण –
केमिकल कंजक्टिवाइटिस : स्विकिय पूल में मौजूद पत्लोरीन, कयु प्रदूषण या किसी नुकसानदायक केमिकल के संपर्क में आने से होता है.
आइंट पैपिलरी कंजक्टिवाइटिस: कॉन्टैक्ट लेंस के लंबे समय तक इस्तेमाल या आंखों के टाके में समस्या के कारण होता है.
इंफेक्शियस कंजक्टिवाइटिस : यह एडेनोवायरस वा स्ट्रेप्टोकोकस और स्टेफिलोकोकस बैक्टीरिया से होता है.
ऑफ्थैल्मिया कंजक्टिवाइटिस : वर्थ कैनाल में बैक्टीरिया गोनोरिया या क्लैमाइडिय के मौजूद होने से छोटे बच में होता है.
एलर्जिक कंजक्टिवाइटिस : जानवरों के शरीर से निकलनेवाली रूसी, धूल के कण, रेगवीड पॉलेन या घास के कारण होता है।
ये हैं शुरुआती लक्षण: आखें लाल होना, चुभना, खुजली, जलन, पलके चिपक जाना, पानी बहना इसके शुरुआती प्रमुख लक्षण हैं.
घरेलू उपाय से खुद को संक्रमण से दूर रखें
कंजक्टिवाइटिस को लेकर चिकित्सक की सलाह पर बताये गये आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल करें. आंखों को गुनगुने पानी से धोयें. आंखों को साफ करने के लिए साफ और सूती कपड़ों का इस्तेमाल करना चाहिए. लक्षण गंभीर होने पर तुरंत डॉक्टर के पास जायें. इससे बचाव को लेकर हाथों को स्वच्छ रखें और बार-बार धोयें. दूषित हाथों के कारण ही यह बीमारी फैलती है.
> घर से बाहर काला चश्मा लगाकर निकलें ।
> साफ पानी से दिन में 3-4 बार आंखों में छींटा मारें ।
> दिन में 2-3 बार गर्म रुमाल से आंखों की सिकाई करें ।
> खुद से दवा लेकर आंखों में ना डालें, चिकित्सक की सलाह लें ।
> संक्रमित व्यक्ति के तौलिये, रुमाल आदि का प्रयोग न करें ।
> दिन में एक बार आंखों में गुलाब जल की 2-2 बूंद डालें ।
> आंखों में किसी दूसरे का इस्तेमाल किया हुआ मेकअप न लगायें ।
> आंखों से पानी निकले तो उसे साफ टिशू पेपर, सूती कपड़े या रुमाल से पोछें ।
> हाथो को समय -समय पर सैनिटाइज करते रहें।
> पब्लिक प्लेस और स्विमिंग पूल पर जाने से बचे।
