कोल्हान विश्वविद्यालय के नवनियुक्त प्राध्यापकों को मिला नियुक्ति पत्र, बाबूलाल मरांडी का जताया आभार
रांची: कोल्हान विश्वविद्यालय के लिए जेपीएससी परीक्षा द्वारा चयनित इतिहास विषय के 17 शिक्षकों को शनिवार को विश्वविध्यालय की ओर से नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। बीते दिनों इन शिक्षकों के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की थी, जिसके बाद राज्यपाल ने त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। शनिवार को नियुक्ति पत्र मिलने से प्राध्यापकों में काफी खुशी है। नव नियुक्त प्राध्यापकों में विनोद कुमार लोहरा, हेमा लकड़ा, मैरी नीला हांसदा, कविता कुमारी, अरविंद कुमार साहू, साकेत बिहारी, प्रदीप झा, पंकज श्रीवास्तव,स्वीकृति,अमृता जायसवाल, नूपुर, नितिन नीरज शामिल हैं।
आज रविवार को इन प्राध्यापकों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी से मुलाकात कर उनके सार्थक प्रयासों के लिए उनका आभार जताया। प्राध्यापकों ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार का भी आभार जताया है।
कोल्हान विश्वविद्यालय केलिए वर्ष 2018 में विज्ञापन द्वारा इतिहास विषय के 17 सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हुई थी। 31 अक्टूबर 2023 को जेपीएससी द्वारा परीक्षा परिणाम घोषित करते हुए उम्मीदवारों के नामों की अनुशंसा की। कोल्हान विश्वविद्यालय के सिंडिकेट द्वारा भी 2 फरवरी 2024 को नियुक्ति की अनुशंसा की जा चुकी है। परंतु विश्वविद्यालय में स्थाई कुलपति के नही होने के कारण अनुमोदन की संचिका कुलाधिपति कार्यालय में लंबित थी।
