हरियाणा विधानसभा चुनाव : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

सोनीपत, 31 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीख नजदीक आती जा रही हैं और राजनीतिक दलों की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में भाजपा भी एक्शन मोड में है और अपने कार्यकर्ताओं को चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार करने में जुटी हुई है।

इसी के तहत शनिवार को सोनीपत स्थित भाजपा कार्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई। बैठक में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव से संबंधित रणनीतियों और जीत के मूल मंत्रों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत हासिल करने के लिए आवश्यक रणनीतियों और योजनाओं पर चर्चा की और उन्हें चुनाव के लिए पूरी तरह से तैयार रहने के लिए प्रेरित किया।

मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों का चयन चुनाव समिति और केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ विधायक चुनाव में नहीं उतरेंगे, जिनमें वे स्वयं भी शामिल हैं। उन्होंने एक बार फिर दावा किया कि नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी। हरियाणा सरकार की उपलब्धियों पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।

प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के लाडवा से चुनाव लड़ने के बयान पर उन्होंने कहा कि यह केंद्रीय नेतृत्व का फैसला होगा। उन्होंने बताया कि पहली लिस्ट जल्द ही जारी होगी और कुछ विधायक चुनाव नहीं लड़ेंगे, जिनमें वे स्वयं भी शामिल हैं। विधानसभा सीटों पर बाहरी उम्मीदवारों के विरोध पर उन्होंने कहा कि जीतने वाले उम्मीदवार को ही टिकट दिया जाएगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बीजेपी का कार्यकर्ता एक विचारधारा के साथ जुड़ा है और संगठन का फैसला मान्य होता है।

उल्लेखनीय है कि हरियाणा में नई सरकार के गठन के लिए पांच अक्टूबर को सभी 90 सीटों पर मतदान होगा। वहीं, 8 अक्टूबर को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। इसके पहले हरियाणा में 1 अक्टूबर को चुनाव होना था और चार अक्टूबर को नतीजे आने थे। लेकिन, शनिवार को चुनाव आयोग ने मतदान की तारीख बदलकर 5 अक्टूबर कर दी है।

–आईएएनएस

पीएसके/जीकेटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More