झारखंड पॉलिटिक्स: लोबिन को मिला नया ठिकाना, भाजपा में हुए शामिल

रांची: झामुमो से निष्कासित एवं बोरियो के पूर्व विधायक लोबिन हेम्ब्रम भाजपा में शामिल हो गए हैं. शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने लोबिन हेम्ब्रम को पार्टी की सदस्यता दिलाई. मिलन समारोह में सह चुनाव प्रभारी हिमंत विश्व शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी और सीता सोरेन भी मौजूद थे.

शिबू सोरेन के समय जो झामुमो था, वह अब नहीं रहा

इस अवसर पर लोबिन हेम्ब्रम ने कहा कि आप जानते हैं कि हमने झारखंड मुक्ति मोर्चा को शुरू से लेकर 2024 तक सजाने का काम किया है. इसे ईमानदारी और निष्ठा के साथ आगे बढ़ाने के लिए मैंने झामुमो का साथ दिया. शिबू सोरेन जिन्होंने हमें उंगली पकड़ कर राजनीति सिखाई. उन्होंने यह भी कहा कि जहां गलत होगा, वहां विरोध करना. आज चंपाई बाबू हमारे साथ हैं. हम लोगों ने शुरू से ही झामुमो को उसके लक्ष्य तक पहुंचाने का संकल्प  लिया था. अलग हुए झारखंड राज्य में आदिवासियों के विकास पर ध्यान केंद्रित रहा, लेकिन शिबू सोरेन जी की स्थिति आप सभी जानते हैं. हम हेमंत सोरेन पर भरोसा करते हैं. वे अपने एजेंडे पर चलते हैं. शिबू सोरेन के समय जो झामुमो था, वह अब नहीं रहा. गुरुजी कहते थे शराब से दूर रहो और हेमंत सोरेन सरकार ने छत्तीसगढ़ मॉडल लाकर शराब का कारोबार शुरू कर दिया. मैंने इसका विरोध किया. गुरुजी लोगों को शराब नहीं बेचने की सलाह देते रहे. गुरुजी मुझसे कहते थे कि इसका विरोध करो.

बाहरी लोगों को वोट बैंक बनाना चाहती है सरकार

लोबिन हेम्ब्रम ने कहा कि हम समझते हैं कि यह सरकार बाहरी लोगों को वोट बैंक बनाना चाहती है. बांग्लादेशी घुसपैठिए आदिवासियों की जमीन पर अपना अधिकार जमा रहे हैं. आदिवासी विरोध करते हैं तो वो मारपीट करते हैं लेकिन सरकार कोई संज्ञान नहीं लेती है. गुरुजी अपने जीते जी जो सोचे थे अब दुर्गती पर जा रहा है झारखंड, इसलिए आज बांग्लादेशी लड़के आदिवासी लड़कियों से शादी कर रहे हैं और जमीन हड़प रहे हैं. मुखिया बन रहे हैं. यह बहुत बड़ी साजिश है. अगर यही स्थिति रही तो निश्चित रूप से आदिवासियों का पतन होगा. इसलिए हमें लगता है कि अब झारखंड झामुमो से नहीं बचेगा. इसलिए मैंने प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी पर विश्वास किया और भाजपा में शामिल हो गया. नरेंद्र मोदी यहां के आदिवासियों एवं मूलवासियों को बचाएंगे. 

बता दें कि कल ही झामुमो के दिग्गज नेता व पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी, और उनके साथ सैकड़ों समर्थकों ने भी भाजपा का दामन थाम लिया था.

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More