जय बिरसा से जय श्रीराम! ‘भगवा टाइगर’ चंपाई सोरेन की बदलती सियासत

रांची: झारखंड की सियासत में करीबन 15 दिनों से मचा कोहराम कल अपने अंतिम मुकाम पर पहुंच गया. रांची के प्रभात तारा मैदान में हजारों समर्थकों की उपस्थिति में केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और हिमंता विस्व सरमा के हाथों पूर्व सीएम चंपाई सोरेन ने भाजपा की सदस्यता लेने की घोषणा कर दी, चार दशक का पुराना अपना हरा गमछा का त्याग कर भगवा पट्टा धारण कर लिया और इस के साथ ही टाइगर ऑफ कोल्हान की सियासत में भी बदलाव की झलक दिखने लगी. अब तक जय बिरसा का उद्धोष करने वाले टाइगर ऑफ कोल्हान ने जैसे ही “जय संताल जय श्री राम” के नारे के साथ अपनी शुरुआत की, मंच पर आसिन भाजपा के कई पुराने नेता सन्निपात की स्थिति में जाते दिखें, खासकर मंच पर बाबूलाल मरांडी के लिए टाइगर ऑफ कोल्हान का यह बदला रुप हैरत में डालने वाला था, मानो किसी ने पैर के नीचे से जमीन खींच ली हो. कुछ यही असहजता दूसरे नेताओं के चेहरे पर भी थी, लेकिन चंपाई सोरेन आज कुछ भी सुनने को तैयार नहीं थें. बेफिक्र, अलहदा और एक दृढ़ प्रतिज्ञ भाव उनके चेहरे से साफ झलक रही थी,  जिसके लिए यह कोई मायने नहीं रखता कि सामने वाले के दिल पर इस बदले रुख का क्या असर पड़ने वाला है. यह इस बात का भी पुख्ता सबूत था कि 15 दिनों के इस सियासी भूचाल के बीच चंपाई सोरेन हर क्षण अपने आप को बदलने का जंग लड़ रहे थें, अपने पुराने अतीत के मुक्ति और नये सियासी सफर की तैयारी में जुटे थें. 

टाइगर ऑफ कोल्हान में सूफियाना अंदाज

इसकी पहली झलक तो तब ही मिल गयी थी, जब हेमंत सरकार का हिस्सा होते हुए भी बांग्लादेशी घुसपैठ पर अलग स्टैंड लेने की कोशिश की थी और इसकी भयावहता को समझने की पट्टी पिलाने की कोशिश की थी. जिस बांग्लादेशी घुसपैठ को अपने हरे चश्मे के साथ चार दशक की सियासी यात्रा में नहीं समझ पायें. सात बार का विधायक, कई बार का मंत्री पद और सीएम की कुर्सी तक संताल की जो पीड़ा आंखों से ओझल रहा, जैसे ही दिल्ली से नये चश्मे की सौगात मिली, सब कुछ साफ नजर आने लगा. बावजूद इसके यदि किसी को टाइगर ऑफ कोल्हान में सूफियाना अंदाज नजर आता है, सादगी और सरलता नजर आती है, तो निश्चित रुप से इसका कारण उसका चश्मा है. जिसके पॉवर में बदलाव की जरुरत है.

 ‘दो चेहरों’ का सामंजस्य बिठाने की नयी सियासत 

जय बिरसा से जय श्रीराम! 'भगवा टाइगर' चंपाई सोरेन की बदलती सियासत
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करते पूर्व सीएम चंपाई (स्रोत: X@champaisoren)

यदि चंपाई सोरेन के इस बदलती सियासत को समझने की कोशिश करें तो यह एक प्रकार का राजनीतिक-रणनीतिक प्रबंधन है. जिस रणनीतिक प्रबंधन को साधने में अब तक बाबूलाल से लेकर अर्जुन मुंडा असफल रहें. चंपाई सोरेन एक साथ दो चेहरा सामने रखने की दीर्घकालीन राजनीति करते हुए नजर आ रहे हैं, जिसमें हिंदुत्व का पूट भी होगा, आदिवासियत का छौंक भी. सादगी, सौम्यता और सरलता का वह हिस्सा जो अब तक के व्यक्तित्व का हिस्सा है. आदिवासी समाज के बीच उनकी पहचान को स्थापित करता रहेगा तो ‘जयश्री राम का उद्धोष’ भाजपा के उस कोर वोटरों के लिए है, जिनकी जड़े गैरझारखंडी है, जो आदिवासी-मूलवासी के मौजूदा पॉलिटिक्स में अपने आप को एडजस्ट नहीं कर पाता.

हिंदुत्व के पूट के साथ आदिवासियत का छौंक

यानि टाइगर ऑफ कोल्हान से ‘भगवा टाइगर’ का यह सफर एक दीर्घकालीन राजनीति का हिस्सा है. यह कोई अस्थायी रुप नहीं है, एक लम्बी सियासी चाल है और इस सियासी सफर में कल झामुमो का साथ की भी जरुरत पड़े तो, उससे लिए भी राह खुला रखने की रणनीति है, जिस झामुमो में कथित रुप से अपमान का घूंट पीना पड़ा, बगैर विश्वास में लिए सीएम की कुर्सी छीन ली गयी, लेकिन चंपाई सोरेन के निशाने पर झामुमो के बजाय कांग्रेस और कांग्रेस का अतीत रहा. जिस कांग्रेसी विधायकों के समर्थन से सीएम की कुर्सी मिली, आज चंपाई सोरेन को उसी कांग्रेस में खोट ही खोट नजर आने लगा. क्या आदिवासी समाज का जल जंगल और जमीन का वास्तविक दुश्मन कांग्रेस और कांग्रेस की नीतियां है? यह कांग्रेस ही जिसने सीएनटी और एसपीटी एक्ट को कमजोर करने काम किया? यह कांग्रेस ही है, जिसने लैड बैंक के नाम पर आदिवासियों की जमीन को छीनने की साजिश की? आदिवासी समाज का सबसे बड़ा गुनाहगार कांग्रेस है? लेकिन चंपाई सोरेन के निशाने पर कांग्रेस है. क्या इससे एक अलग राजनीति का संकेत नहीं मिल रहा? और सबसे बड़ा सवाल क्या बाबूलाल मरांडी और अर्जुन मुंडा इस भगवा टाइगर के साथ लम्बा सियासी सफर करने वाले हैं?

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More