बढ़ते अपराध को लेकर शरद पवार गुट की महिला कार्यकर्ताओं ने किया विरोध-प्रदर्शन

नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। बंगाल और देश भर में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के विरोध में राष्ट्रवादी महिला कांग्रेस (शरद पवार गुट) की ओर से दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया गया।

विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने वाली एक महिला का कहना है कि हम लोगों की मांग है कि बंगाल समेत पूरे देश में जितने भी पीड़ि‍त हैं, उनको न्याय मिलना चाहिए। महिलाओं पर हो रहे अपराध और अत्याचार बंद होने चाहिए। चाहे बंगाल हो या महाराष्ट्र, जो महिलाएं प्रताड़ित हैं, जिन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है, हम उनके साथ न्याय की लड़ाई लड़ेगे। मैं एक आदमी के लिए मैं नहीं बोल रही हूं, मेरा मानना है कि जो भी दोषी होगा, उसे सजा मिलनी चाहिए।

हम लोग ऐसे लोगों के लिए फांसी की सजा की मांग करते हैं। जो लोग हत्‍या व रेप की घटना को अंजाम दे रहे हैं, उनको मौत की सजा मिलनी चाहिए। महिलाओं से जुड़े दो बिल महाराष्ट्र के दोनों सदनों से पास हो गए थे, लेकिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सहमति नहीं मिली है। हम उस बिल पर मंजूरी देने की मांग करते हैं।

उन्‍होंने कहा, भाजपा विक्टिम के न्याय के साथ खड़ी नहीं होती, वो केवल चुनी हुई सरकारों को गिराने और पार्टियों को तोड़ने में विश्वास करती है।

दरअसल कोलकाता रेप-मर्डर मामले को लेकर सियासत जारी है। पिछले दिनों कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल की महिला डॉक्टर की रेप के बाद हत्या कर दी गई। वह अस्पताल में स्नातकोत्तर द्वितीय वर्ष की मेडिकल छात्रा थीं और चेस्ट मेडिसिन विभाग में हाउस स्टाफ के रूप में भी काम कर रही थीं। इस घटना पर पूरे देश में बवाल मचा हुआ है।

–आईएएनएस

एकेएस/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More