किसानों का पैरामाउंट गोल्ड फॉरेस्ट सोसायटी के बाहर फिर हल्ला बोल, पुलिस बल तैनात

ग्रेटर नोएडा, 30 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में पैरामाउंट गोल्ड फॉरेस्ट सोसायटी के बाहर शुक्रवार को बड़ी संख्या में एक बार फिर किसान पहुंच गए। इससे पहले 23 अगस्त को किसानों ने सोसायटी के लोगों के समर्थन में गेट के बाहर 12 सूत्री मांगों के साथ धरना-प्रदर्शन किया था। उसके बाद से सोसायटी के गेट के बाहर लगातार धरना चल रहा है।

भारतीय किसान यूनियन (बलराज) ने धरना-प्रदर्शन शुरू करने से पहले पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा था और यह चेतावनी दी थी कि अगर हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो धरना शुरू हो जाएगा। प्रदर्शन में किसानों की बड़ी संख्या को देखते हुए सोसायटी के बाहर पुलिस बल की भारी तैनाती की गई थी।

जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा में पैरामाउंट गोल्ड फॉरेस्ट सोसायटी पर किसानों ने जमकर हल्ला बोला। रेजिडेंट के साथ किसान धरने पर बैठ गए और 12 सूत्री मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। वे बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे लोगों ने सोसायटी की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए हैं और सोसायटी की मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर प्रदर्शन किया है।

सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित इस सोसायटी के गेट पर भारतीय किसान यूनियन (बलराज) और सोसायटी के निवासियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। सोसायटी के निवासी सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं के साथ रजिस्ट्री की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं। उनका समर्थन भारतीय किसान यूनियन (बलराज) ने किया।

भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने कहा कि बिल्डर सोसायटी के लोगों को सता रहा है। सोसायटी की सुरक्षा बदहाल है। आए दिन लोगों पर हमले होते हैं। करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी लोगों की रजिस्ट्री नहीं हुई है। मोटा मेंटेनेंस चार्ज देने के बाद भी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

अगर बिल्डर सोसायटी के लोगों की मांगों को पूरा नहीं करता है, तो किसान यूनियन उसके खिलाफ और बड़ा आंदोलन करेंगे। जब तक सोसायटी के लोगों की मांगों को नहीं माना जाएगा, तब तक अनिश्चितकालीन धरना चलता रहेगा।

–आईएएनएस

पीकेटी/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More