कंगना रनौत को म‍िला छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री का साथ, स‍िमरनजीत स‍िंह मान पर कार्रवाई की मांग

रायपुर, 30 अगस्त (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कंगना रनौत पर विवादित टिप्पणी करने को लेकर शिरोमणि अकाली दल (अमृतशर) के नेता सिमरनजीत सिंह मान से माफी की मांग की है। इसके साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने को भी कहा है। उन्होंने अकाली दल के नेता के बयान की आलोचना करते हुए कहा कि ऐसे ही लोगों की वजह से देश-प्रदेश में महिला अपराध बढ़ रहे हैं। ऐसे लोग अपनी घटिया टिप्पणी से अपनी घटिया मानसिकता प्रदर्शित कर ही देते हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, “पूर्व सांसद को माफी मांगनी चाहिए। इससे उनकी घृणित मानसिकता प्रदर्शित होती है। ऐसे ही लोगों की वजह से भी समाज में अपराध बढ़ रहे हैं, जिस पर अंकुश लगाने की आवश्यकता है।”

उन्होंने कहा, “सरकार को ऐसे लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए। इसके अलावा, यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि फिर कभी कोई राजनेता ऐसे विवादित बयान देने की जुर्रत नहीं करें।”

बता दें कि बीते दिनों एक्ट्रेस कंगना रनौत ने आरोप लगाया था कि किसान आंदोलन के दौरान महिलाओं के साथ बलात्कार हुए थे। उनके इस आरोप के बाद सिमरनजीत सिंह मान ने अभिनेत्री को लेकर विवादित बयान दे दिया। उन्होंने अभिनेत्री का नाम लेते हुए कहा कि उन्हें रेप का बहुत अनुभव है। उन्हें अपनी फिल्मों से इसका अनुभव मिला है। उनके इस बयान के बाद सियासी घमासान तेज हो गया।

इसी संबंध में कंगना रनौत ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, “मुझे रेप की धमकियां मिल रही हैं। धमकी देने वाले सोच रहे हैं कि ऐसा करके वो मेरी आवाज दबा लेंगे, लेकिन शायद उन्हें यह नहीं पता है कि इन धमकियों से मैं डरने वाली नहीं हूं और ना ही वो मेरी आवाज दबा सकते हैं।”

अभिनेत्री के बयान पर कांग्रेस नेता उदित राज ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था, “यह पहली बार नहीं, बल्कि इससे पहले भी कंगना इस तरह के विवादित बयान दे चुकी हैं। अपने विवादित बयानों की वजह से अभिनेत्री एक दफा झापड़ भी खा चुकी हैं।”

–आईएएनएस

एसएचके/सीबीटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More