कांग्रेस के खून में तुष्टिकरण : विष्णु दत्त शर्मा

भोपाल, 30 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने शुक्रवार को कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के खून में तुष्टिकरण है और भाजपा के खून में देशभक्ति की भावना है।

भाजपा प्रदेश कार्यालय में संवाददाताओं से चर्चा करते हुए शर्मा ने कहा, “अपराधी का कोई जाति या धर्म नहीं होता। कानून अपना काम बराबर करता है।छतरपुर में थाने में घुसकर पुलिस पर प्रहार होता है, तब भी कांग्रेस की आंखों पर तुष्टीकरण की पट्टी बंधी हुई है, कांग्रेस नेताओं की आवाज भी नहीं निकलती है। कांग्रेस का हाथ ऐसे अपराधियों एवं उपद्रवियों के साथ रहता है, जो देश-प्रदेश में विद्वेष फैलाने का काम करते हैं, यही कांग्रेस का असली चेहरा और चरित्र है।

उन्होंने आगे कहा कि “कांग्रेस 24 घंटे तुष्टिकरण की राजनीति करती है”, फिर चाहे छतरपुर की घटना हो या फिर बंगाल की।

राज्य सरकार की सराहना करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, “प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव संवेदनशील हैं और कड़े निर्णय लेकर अथक मेहनत और परिश्रम से लगातार उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। इससे कांग्रेस में बौखलाहट है। प्रदेश में भाजपा की सरकार है और मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में कोई घटना सामने आने पर तत्काल निर्णय लेकर सख्त कार्रवाई की जाती है।”

कटनी के जीआरपी थाने में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा उन्होंने कहा कि घटना के संज्ञान में आते ही सरकार तत्काल कार्रवाई करती है और छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जाता है। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी जाति‍वादी नफरत की राजनीति करते हैं। कांग्रेस नेता सुर्खियां बटोरने के लिए स्वांग रच रहे हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कांग्रेस से सवाल किया और कहा, “कांग्रेस ने छतरपुर और बंगाल पर मौन क्यों धारण किया। बंगाल पर राष्ट्रपति का मन दुखी, लेकिन कांग्रेस का नहीं।”

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अपनी बात आगे बढ़ते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास’ के मंत्र पर काम करने वाली सरकार है। मध्यप्रदेश शांति का टापू है और यहां मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में भाजपा की सरकार है। मोहन सरकार किसी भी कीमत पर प्रदेश का माहौल खराब नहीं होने देगी। कांग्रेस को अगर आंदोलन करना है तो पश्चिम बंगाल की बेटी की निर्मम हत्या पर और हिमाचल, तेलंगाना एवं कर्नाटक में कांग्रेस सरकार की वादा खिलाफी के विरोध में आंदोलन करना चाहिए।”

–आईएएनएस

एसएनपी/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More