लोजपा में टूट की खबर भ्रामक, अपनी डूबती नैया बचाने की कवायद : अरुण भारती

पटना, 30 अगस्त (आईएएनएस) । सांसद अरुण भारती ने लोजपा (रामविलास) में फूट और टूट की खबरों को गलत करार दिया है। राजद पर सीधा हमला करते हुए कहा है कि ऐसे बयानों का उद्देश्य एनडीए को कमजोर करना और अपनी राजनीति की डूबती नैया को बचाना है। वो यहां राजद के मुकेश रोशन के बयान का जिक्र कर रहे थे।

सांसद अरुण भारती ने कहा कि लोजपा (रामविलास) और एनडीए में लगातार भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है। ये कोशिश सिर्फ एनडीए को कमजोर करने और अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए की जा रही है।

उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी एकजुट है। राजद द्वारा यह भ्रम फैलाने की कोशिश की जा रही है। राजद का मकसद साफ है, वे चाहते हैं कि हमारी पार्टी और एनडीए के बीच अविश्वास का माहौल बने ताकि इसका राजनीतिक लाभ उठा सके।

उन्होंने कहा, “राजद जानता है कि अगर एनडीए एकजुट रहा तो उनका कोई भविष्य नहीं है। इसी कारण इस तरह का भ्रामक बयान देकर हमारी पार्टी को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। राजद यह समझ चुका है कि देश या बिहार में उनकी राजनीतिक प्रासंगिक नहीं रह गई। इस कारण वे इस तरह का बयान देकर ध्यान भटकाना चाहते हैं।”

उन्होंने कहा कि राजद के इन विचारों से हमारे सभी कार्यकर्ता भली भांति जानते हैं और हम उनके बहकावे में नहीं आने वाले हैं। हमारा गठबंधन एनडीए के साथ अटूट है और देश की प्रगति के लिए हम काम करते रहेंगे। किसी भी भ्रमित करने वाले बयान से भ्रम में नहीं डाल सकता है।

उल्लेखनीय है कि पार्टी के प्रमुख चिराग पासवान ने भी गुरुवार को कहा था कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती। जो लोग सोचते हैं कि बार-बार एक ही पैंतरा आजमा लिया जाएगा और अफवाहों के जरिए मुझे डराया जा सकेगा, वे गलतफहमी में हैं।

विपक्ष की ये चालें कभी कामयाब नहीं होंगी। चिराग ने कहा कि इस तरह की अफवाहों से उनकी पार्टी और उनका मनोबल टूटने वाला नहीं है। इससे पहले राजद के विधायक मुकेश रोशन ने कहा था कि लोजपा के तीन सांसद भाजपा के संपर्क में हैं।

–आईएएनएस

एमएनपी/पीएसएम/केआर

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More