2019 का रिकार्ड तोड़ने जा रही कांग्रेस, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो का दावा नेताओं की पलटी से महागठबंधन पर कोई असर नहीं

रांची: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रुप में ताजपोशी के साथ ही केशव महतो पूरे तेवर में हैं. विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट नजर आ रहे हैं. अभिनन्दन समारोह सह संवाद के माध्यम से कार्यकर्ताओं और जनता से संवाद स्थापित करने की कोशिश की जा रही है. रामेश्वर उरांव के साथ एक बार फिर से ट्यूनिंग जमती दिखलायी दे रही है. आपको याद दिला दें कि राजेश ठाकुर के पहले की प्रदेश कमेटी में भी रामेश्वर उरांव और केशव महतो की जोड़ी थी. उस वक्त भी दोनों के बीच बेहतर तालमेल नजर आता था. हालांकि, राजेश ठाकुर का कार्यकाल में जब कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति हुई तो रामेश्वर उरांव और केशव महतो को स्थान नहीं मिला, लेकिन इस बार फिर से दोनों की जोड़ी साथ है. रामेश्वर उरांव भी काफी एक्टीव नजर आने लगे हैं.   

नेताओं की पलटी का महागठबंधन पर कोई असर नहीं 

इसी कड़ी में आज लोहरदगा में अभिनन्दन समारोह सह संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया था. कार्यक्रम के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए कमलेश महतो ने दावा किया कि इस बार कांग्रेस 2019 का रिकॉर्ड को तोड़ने जा रही है, हम वर्तमान संख्या बल से अधिक संख्या में विधानसभा पहुंचने वाले हैं. हालांकि, चंपाई सोरेन का नाम नहीं लिया, लेकिन इशारों ही इशारों में इतना जरुर कहा कि किसी नेता का पालाबदल का महागठबंधन पर कोई असर नहीं पड़ने वाला. इस बार ना सिर्फ कांग्रेस का आंकड़ा बढ़ने वाला है, बल्कि महागठबंधन की सीटों की संख्या में भी वृद्धि होने वाली है. पार्टी के अंदर गुटबाजी की खबरों को नकराते हुए दावा किया कि कहीं कोई गुटबाजी नहीं है, पूरा कांग्रेस एक है. पार्टी का हर कार्यकर्ता चुनाव समर में उतरने को बेकरार है. भाजपा की मंशा किसी भी सूरत में पूरी नहीं होने वाली है. पार्टी का रीढ़ कार्यकर्ता होता है. नेताओं की भरोसे पार्टियां नहीं चला करती. यह कार्यकर्ता ही है, जो जमीन पर संघर्ष करता है और कांग्रेस का कार्यकर्ता उसके साथ कदमताल करने को तैयार है.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More