गिरिडीह: कांस्टेबल बहाली में दौड़ लगाते 25 अभ्यर्थी बेहोश, 583 पदों के लिए एक लाख से ज्यादा लगा चुके हैं दौड़

गिरिडीह: उत्पाद विभाग में कांस्टेबल नियुक्ति के लिए गिरिडीह न्यू पुलिस लाइन में कराई जा रही दौड़ के दौरान गुरुवार को 25 अभ्यर्थी बेहोश हो गए। इसके पहले बुधवार को भी 19 अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई थी और उनमें से कई बेहोश हो गए थे। सभी को इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

गुरुवार को बेहोश हुए अभ्यर्थियों में कोडरमा के विजय यादव एवं आनंद कुमार, पलामू के सुहैल अख्तर एवं प्रभु कुमार, लोहरदगा के प्रमोद उरांव, गिरिडीह के सचिन वर्मा एवं दिनेश तुरी, बिहार के औरंगाबाद निवासी अंकित कुमार, अरवल निवासी रंजन कुमार, धनबाद के प्रकाश विश्वकर्मा, विशाल महतो, अभिषेक उपाध्याय, देवघर के गुड्डू कुमार एवं अन्य शामिल हैं। इन सभी को एंबुलेंस से गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया।

बता दें कि झारखंड अलग राज्य बनने के बाद आबकारी विभाग में कांस्टेबल की नियुक्ति की परीक्षा पहली बार हो रही है। इसके पहले संयुक्त बिहार में वर्ष 1980 में इस विभाग में कांस्टेबलों की नियुक्ति हुई थी। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से ली जा रही परीक्षा के जरिए कुल 583 पदों पर नियुक्ति होनी है। इसके लिए विभिन्न जिलों में शारीरिक जांच की प्रक्रिया चल रही है। इसमें 10 किलोमीटर की दौड़ लगानी है।

पूर्वी सिंहभूम में हो चुकी है मौत

कड़ी धूप में इतनी लंबी दौड़ लगाने में कई अभ्यर्थी बीमार या बेहोश हो रहे हैं। एक सप्ताह पहले पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा में आयोजित दौड़ में गिरिडीह जिला स्थित केशवारी निवासी एक अभ्यर्थी पिंटू कुमार की मौत हो गई थी। अन्य जिलों में भी दौड़ के दौरान कई अभ्यर्थियों के बीमार या बेहोश होने की खबरें आ रही हैं। इस परीक्षा के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास है, लेकिन परीक्षा में शामिल हो रहे अभ्यर्थियों में हजारों लोग पोस्ट ग्रेजुएट और ग्रेजुएट हैं। अब तक करीब एक लाख से ज्यादा अभ्यर्थी शारीरिक परीक्षा में शामिल हो चुके हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More