मऊ में भू-माफिया अफजाल अहमद पर बड़ी कार्रवाई, 3 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क

मऊ, 29 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में भू-माफिया और अपराध जगत से जुड़े अफजाल अहमद की संपत्ति को कुर्क किया गया है।

‘आईएस 191 नामक’ गैंग के सदस्य अफजाल पर यह कार्रवाई उसकी दो अचल संपत्तियों के लिए की गई। इस कुर्की और जब्ती के तहत लगभग 3 करोड़ रुपए की संपत्ति को जब्त किया गया है। यह संपत्ति अफजाल द्वारा अवैध तरीके से अर्जित की गई थी।

शहर कोतवाली के सहादतपुरा इलाके में हुई इस कार्रवाई में पुलिस की टीम के साथ सीओ, तहसीलदार और तीन थानों की फोर्स मौजूद रही। इस मौके पर पूरे मोहल्ले में लोगों को ढोल बजाकर और माइक से जानकारी दी गई।

सीओ सिटी अंजनी कुमार पांडेय ने बताया, “एक भूमाफिया अफजाल द्वारा अवैध तरीके से अर्जित की गई अचल संपत्ति की कुर्की एवं जब्तीकरण की जा रही है। अफजाल आईएस 191 गैंग का सदस्य है। इसी के चलते अफजाल ने अपने प्रभाव को दिखाते हुए अवैध संपत्ति अर्जित करने का काम किया था।”

वह आगे कहते हैं, “इसमें एक भूखंड की कीमत दो करोड़ 12 लाख रुपए के आसपास बताई जा रही है। इसके अलावा एक अन्य रकबे की कीमत 70 लाख रुपए है। दोनों मिलाकर कुल 3 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्तियां हैं। इस मामले के आरोपी चार अभियुक्त पहले ही जेल जा चुके हैं।”

यह कार्रवाई पुलिस और प्रशासन की ओर से की गई है, जो विशेष रूप से अपराधियों और भू माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है।

बता दें, उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार पूरे प्रदेश में गुंडा- माफियाओं पर पहले से ही सख्त है। प्रदेश सरकार भू-माफियाओं के खिलाफ कई बार अभियान भी चला चुकी है, जिसके तहत पूरे प्रदेश में कई बार भू-माफियाओं की संपत्ति जब्त कर उन पर कार्रवाई की गई है। भू-माफियाओं पर लगाम लगाने के लिए प्रदेश सरकार ने सरकार के ऑनलाइन पोर्टल पर इसकी शिकायत के लिए अलग से कॉलम बनाया है।

–आईएएनएस

पीएसएम/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More