हेमंत के हाथ चंपाई की काट! भाजपा नेता बास्को बेसरा के साथ मुलाकात के मायने

रांची: पूर्व सीएम चंपाई के पालाबदल के बाद सराइकेला विधानसभा से एक मजबूत चेहरे की खोज में जुटी झामुमो की खोज अब पूरी होती नजर आ रही है. भाजपा नेता बास्को बेसरा के साथ सीएम हेमंत की मुलाकात को इसी खोज का अंतिम हिस्सा बताया जा रहा है. हालांकि यह अंतिम हिस्सा है या इस फिर इस खोज अभियान की शुरुआत, अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा. दरअसल चंपाई सोरेन के पालाबदल के बाद सराइकेला की सियासत में एक और भाजपा नेता रमेश हांसदा के संभावित कदम पर भी नजर जमी हुई है. इस बार रमेश हांसदा को सराइकेला से भाजपा का मजबूत उम्मीदवार माना जा रहा था. चंपाई प्रकरण की शुरुआत तक रमेश हांसदा अपने जनसम्पर्क अभियान में भी लगे हुए थें. लेकिन बीच चंपाई सोरेन ने अपने पालाबदल से ना सिर्फ सराइकेला बल्कि झारखंड की सियासत में भूचाल ला दिया है, सराइकेला विधानसभा से भाजपा के संभावित उम्मीदवारों के सामने सियासी संकट खड़ा हो गया है, और इस सियासी संकट से उबरने के लिए विकल्पों की खोज शुरु हो चुकी है. बास्को बेसरा का सीएम हेमंत के साथ मुलाकात को इसी कड़ी का एक हिस्सा बताया जा रहा है. कल जैसे ही गम्हरिया के कार्यक्रम से सीएम हेमंत को फुर्सत मिली. बास्को बेसरा गुलदस्ते के साथ मुलाकात के लिए पहुंच गयें, हालांकि अब तक इस मुलाकात को महज शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रहा है, लेकिन राजनीति में हर शिष्टाचार के अपने मायने होते हैं.
सराइकेला विधानसभा से पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं बास्को बेसरा
आपको याद दिला दें कि बास्को बेसरा सराइकेला विधानसभा से वर्ष 2005 में आजसू के टिकट पर भी चुनाव लड़ चुके हैं, उस वक्त बेसरा को 15,096 वोट के साथ तीसरा स्थान मिला था, जबकि 61,112 के साथ चंपाई सोरेन को जीत और भाजपा के लक्ष्मण टुडू को 60,230 को दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था. वर्ष 2014 में बास्को बेसरा ने कांग्रेस का दामन थाम लिया और एक बार फिर से चंपाई सोरेन के सामने मैदान में कूद पड़े, इस बार बास्को को महज 6,890 वोट पर सिमटना पड़ा, जबकि चंपाई सोरेन को 94,746 के साथ जीत और भाजपा के गणेश महली को 93,631 के सात दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. साफ है कि आंकड़ों के हिसाब से बास्को बेसरा का सियासी पकड़ बेहद कमजोर नजर आता है. लेकिन दावा किया जाता है कि संसाधनों के मामले में मजबूत है, और यदि झामुमो का साथ मिल जाता है तो मुकाबले को रोचक बनाने की ताकत भी रखते हैं, बेसरा के नजदीकी लोगों का दावा है अब तक बेसरा को किसी भी मजबूत सियासी दल से टिकट नहीं मिला है, यदि झामुमो इस बार बेसरा पर दांव लगाती है, उसके बाद भी बेसरा की सियासी ताकत और जमीनी पकड़ की अंतिम परीक्षा होगी.
रमेश हांसदा का भी सम्पर्क में रहने की खबर
वैसे कई जानकार यह दावा भी कर रहे हैं कि बेसरा के साथ मुलाकात तो ठीक है, इसके कुछ मायने भी हो सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह कदापि नहीं है कि बास्को बेसरा को सराइकेला से प्रत्याशी बनाया जाना तय हो चुका है और हेमंत के हाथ चंपाई की काट मिल चुकी है. अभी और भी कई चेहरे सम्पर्क में हैं. सब कुछ पर्दे के पीछे हो रहा है, अगले कुछ दिनों में सराइकेला की सियासत में बड़ा उलटफेर भी देखने को मिल सकता है. खासकर भाजपा के सामने अपने कार्यकर्ताओं को एक जूट रखने की चुनौती खड़ी होने वाली है, चंपाई के पालाबदल के साथ उनको अपना सियासी भविष्य भंवर में फंसा नजर आने लगा है. इसी में एक संभावित चेहरा रमेश हांसदा का भी हो सकता है, देखना दिलचस्प होगा कि भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के सियासी हसरतों पर लगाम लगाते हुए, कैसे एक साथ बांध कर रखती है. विधानसभा चुनाव में झामुमो का मुकाबला करती है.
