बिहार के शिक्षकों को बड़ी राहत, ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर नई नीति जल्द होगी लागू

पटना, 28 अगस्त (आईएएनएस)। बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने राज्य के शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग ने महिलाओं, पति-पत्नी और विशेष परिस्थितियों में फंसे लोगों के लिए एक उदार नीति बनाई है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि हमने शिक्षकों के ट्रांसफर-पोस्टिंग के लिए एक सरल और पारदर्शी प्रक्रिया बनाई है। महिलाएं, पति-पत्नी और विशेष परिस्थितियों में फंसे लोग अपनी पिटीशन पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं या फिजिकली पिटीशन विभाग को दे सकते हैं। हमने लगभग तैयारी पूरी कर ली है और उम्मीद है कि सितंबर माह के अंत तक इस कार्य को पूरा कर लेंगे।

उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग ने इस मुद्दे पर उदारता से निर्णय लिया है और हम लोगों ने लगभग तैयारी पूरी कर ली है। एक सप्ताह से 10 दिन के अंदर हम लोग अप्रूवल कर और प्रोसेस करने में जो वक्त लगेगा, हम उम्मीद करते हैं कि सितंबर माह के अंत तक इस कार्य को पूरा कर लेंगे।

सभी शिक्षकों को ऑनलाइन अटेंडेंस लगाने को लेकर शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि ऑनलाइन अटेंडेंस में कुछ परेशानियां आ रही हैं, लेकिन हम कटौती नहीं करेंगे। पोर्टल में कभी-कभी कई कारणों से परेशानी होती है, लेकिन धीरे-धीरे सभी को टेक्नोलॉजी का उपयोग करना सीखना होगा। पोर्टल का 20 फीसदी काम अभी बाकी है, लेकिन हम टेक्नोलॉजी का सही इस्तेमाल करेंगे तो इसका फायदा सभी को होगा।

उल्लेखनीय है कि ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था पर बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से पूर्व में ऐतराज जताया गया था। संघ ने सरकार को चेतावनी दी था कि जल्द से जल्द ऑनलाइन हाजिरी व्यवस्था खत्म की जाए, नहीं तो वह आंदोलन करेंगे। संघ की मांग है कि शिक्षकों को ई-शिक्षा कोष पर हाजिरी लगाने से मुक्त किया जाए। संघ महासचिव घनश्याम प्रसाद यादव ने इस संबंध में शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा था।

पटना के नासरीगंज घाट पर एक शिक्षक की मौत के बाद शिक्षकों की ओर से सुरक्षा की मांग पर उन्होंने कहा कि हमने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्कूल को बंद कर सकते हैं। पटना में जिलाधिकारी के आदेश पर कई स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

–आईएएनएस

पीएसके/एसकेपी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More