कोल्हान के गणित को सुलझाने के करीब कौन, चंपाई की अनुपस्थिति में हेमंत की राह कितनी मुश्किल और आसान

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज अपने ही मंत्री और जेएमएम से अलग होकर बीजेपी का दामन थामने को तैयार पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के गढ़ में हैं। बदलते राजनीतिक घटनाक्रमों और कोल्हान में झामुमो को एकजुट रखने की कवायद में मुख्यमंत्री सोरेन ने झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के कोल्हान प्रमंडल के कार्यक्रम को चाईबासा से हटाकर सरायकेला के गम्हरिया में आयोजित करवाया ताकि इस योजना के तहत महिलाओं को सम्मान राशि देने के बहाने अपना शक्ति प्रदर्शन कर सकें और पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के बीजेपी में जाने से होने वाले नफा- नुकसान का आकलन कर सकें। क्योंकि कोल्हान प्रमंडल जेएमएम-कांग्रेस का गढ़ माना जाता है और पिछले विधानसभा चुनाव में 14 में से 13 सीटें इस गठबंधन के पास थीं। 

कई विधायकों के पाला बदलने की चर्चा

30 अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के बीजेपी की सदस्यता ग्रहण करने के एलान किए जाने के बाद कोल्हान के राजनीतिक जगत में चर्चा इस बात को लेकर शुरू हो गई है कि आखिर उनके साथ कितने विधायक पाला बदल सकते हैं। बीते 18 अगस्त को चंपाई सोरेन के अचानक दिल्ली जाने और वहां बीजेपी मुख्यलाय में अपने कई समर्थक विधायकों के साथ बीजेपी में शामिल होने की चर्चा खूब रही। इसमें कोल्हान के आधे दर्जन विधायकों के नाम सामने आए थे हालांकि आनन-फाऩन में खरसांवा विधायक दशरथ गागरई ने पत्र लिखकर और बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने जीपीएस युक्त फोटो भेज इस खबर का खंडन किया और पार्टी में बने रहने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई।  

वहीं जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, घाटशिला विधायक रामदास सोरेन, पोटका विधायक संजीव सरदार और मझगांव विधायक निरल पूर्ति इन्हीं घटनाक्रमों के बीच रांची पहुंच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सीएम आवास में मुलाकात कर पार्टी और नेतृत्व के प्रति आस्था जताई लेकिन समर्थकों और पूरे कोल्हान में यह चर्चा जोरों पर है कि जल्दी ही कई विधायक पाला बदलकर चंपाई सोरेन और बीजेपी के साथ जा सकते हैं। इंतजार केवल चुनाव की तारीखों का एलान होने का है यानी राज्य में आदर्श आचार संहिता के लागू होने का इंतजार है ताकि प्रशासन की कमान सरकार के हाथों से निकलकर चुनाव आयोग के हाथों में चला जाए। चर्चा यह भी है कि बीजेपी चंपाई सोरेन के समर्थक इन विधायकों को शामिल कराने के लिए इसलिए तैयार है क्योंकि कई सीटों पर पार्टी के पास चुनाव लड़ने वाले चेहरे की कमी है हालांकि इसे मान लेना थोड़ा जल्दबाजी होगी क्योंकि 2019 के विधानसभा चुनाव में खड़े पार्टी उम्मीदवारों का प्रदर्शन बेहतर रहा था और कई सीटों पर कम मार्जिन से ही हार-जीत का फैसला हो पाया था। 

2019 का चुनावी समीकरण

2019 के विधानसभा चुनाव में सत्ता में रहने के बावजूद के भाजपा को कोल्हान प्रमंडल में करारी हार का सामना करना पड़ा था। पार्टी 14 सीटों में एक भी सीट नहीं जीत पाई थी यहां तक कि मुख्यमंत्री रहते हुए रघुवर दास भी 15 हजार से अधिक वोटों से चुनाव हार गए थे। वहीं अन्य सीटों पर भी बीजेपी की स्थिति अच्छी नहीं रही। बहरागोड़ा में 61 हजार वोटों से हार सामना करना पड़ा तो वहीं घाटशिला में मात्र 6700 वोटों से, पोटका में 43 हजार वोटों से, जुगसलाई में 22 हजार, ईचागढ़ में 19 हजार, सरायकेला में 15 हजार, चाईबासा में 26 हजार, मझगांव में 47 हजार वोटों से हार मिली। 

घाटशिला, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी, ईचागढ़, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर ऐसी सीटें रही, जहां बीजेपी या आजसू पार्टी को केवल इसलिए हार का सामना करना पड़ा क्योंकि दोनों अलग-अलग चुनाव मैदान में थे या फिर जेवीएम के रूप में बाबूलाल मरांडी की पार्टी ने हार-जीत से ज्यादा वोट हासिल कर लिए थे। हालांकि इस बार परिस्थितियां बदली हुई नजर आएंगी। न तो जेवीएम चुनाव मैदान में होगा और न ही आजसू व भाजपा अलग- अलग चुनाव लड़ेंगे। ऐसे में जेएमएम-कांग्रेस के लिए पिछले प्रदर्शन को दोहरा पाना आसान नहीं होगा खासकर तब चुनौती इस बार चंपाई सोरेन के रूप में अपनों से भी मिलेगी।     

लेखक के बारे में

By Shailendra Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More