जब शिबू सोरेन ने काटा था ‘टाइगर ऑफ कोल्हान’ का टिकट, जानिए कैसे घंटी छाप पर शुरू हुआ सियासी सफर

रांची: सियासत भी अजीब शाह मात का खेल है, कब कौन सा मोहरा चल जाये और कौन सा प्यादा पीट जाये, इसकी सटीक भविष्यवाणी करना बेहद मुश्किल है. सियासी शतरंज की इसी चाल का उदाहरण चंपई सोरेन है. वही चंपाई सोरेन जिसे आज ‘टाईगर ऑफ कोल्हान’ के रुप में पुकारा जाता है, हालांकि इस उपाधि का प्रयोग झामुमो कार्यकर्ताओं के द्वारा ही किया जाता था, और तब इस टाइगर वाली उपाधि पर भाजपा की ओर से तंज भी कसा जाता था. यह वह दौर था था, जब चंपाई सोरेन जल जंगल और जमीन की बात करते थें, आदिवासी-मूलवासी अस्मिता का सवाल उछालते थें. लेकिन जैसे ही चार दशक का अपना हरा पट्टा उतार चंपाई सोरेन ने भगवा बाना पहनना स्वीकार किया, अब भाजपा को भी चंपाई के चेहरे में टाईगर ऑफ कोल्हान नजर आने लगा, यह चर्चा जोर पकड़ने लगी कि आदिवासी-मूलवासी समाज के बीच ‘झारखंडी शेर” के रुप में अपनी पहचान बना रहे हेमंत सोरेन को रोकना अब बाबूलाल और अर्जुन मुंडा जैसे पीटे मोहरे की बस की बात नहीं है. कांटा को कांटा से निकलना ही सफल राजनीति होगी. यानि भाजपा रणनीतिकारों की नजर में चंपाई सोरेन की हैसियत अभी भी कांटा वाली ही हैं, लेकिन यह वह कांटा है, जिससे कोल्हान फतह का उसका सपना पूरा होता नजर आता है.

चंपाई सोरेन का सियासी संघर्ष और चुनौतियां

जब शिबू सोरेन ने काटा था ‘टाइगर ऑफ कोल्हान’ का टिकट, जानिए कैसे घंटी छाप पर शुरू हुआ सियासी सफर
केन्द्रीय गृहमंत्री से मुलाकात करते चंपाई सोरेन

 

लेकिन चंपाई सोरेन की सियासत में संघर्ष और चुनौतियां पहली बार सामने नहीं आयी है. इस मुकाम तक पहुंचने के लिए कई पापड़ बेलने पड़े हैं. आज भले ही चंपाई सोरेन को दिशोम गुरु का सबसे करीबी माना जाता हो. संघर्ष का साथी माना जाता हो, लेकिन एक वह भी दौर था, जब चंपाई सोरेन को एक टिकट के लिए दिशोम गुरु से लेकर शैलेन्द्र महतो की चिरौरी करनी पड़ती थी.  उस दौर में सूरज मंडल, शैलेन्द्र महतो और कृष्णा मार्डी जैसे कद्दावर चेहरों की मौजूदगी में चंपाई सोरेन की कोई हैसियत नहीं थी. सूरज मंडल, शैलेन्द्र महतो और कृष्णा मार्डी की गिनती दिशोम गुरु के सबसे वफादार सहयोगियों में की जाती थी. शिबू सोरेन के बाद पार्टी का हर फैसला इन्ही तीन नेताओं के द्वारा किया जाता था और चंपाई सोरेन को इन तीनों की चिरौरी.

चंपाई के दावे को नकार कृष्णा मार्डी की पत्नी पर दांव

इसी परिस्थितियों में वर्ष सराइकेला विधानसभा का प्रतिनिधित्व करने वाले कृष्णा मार्डी को पार्टी ने 1991 लोकसभा चुनाव का लड़ाने का फैसला कर लिया. कृष्णा मार्डी को जीत मिली और सरायकेला विधानसभा में उपचुनाव करवाने की घोषणा हुई. कृष्णा मार्डी वर्ष 1985 और 1990 में इस सीट से जीत हासिल कर चुके थें, उनकी चाहत अपनी पत्नी को चुनाव लड़ाने की थी. शिबू सोरेन और शैलेन्द्र महतो भी इसके पक्षधर थें. करीबन-करीबन कृष्णा मार्डी की पत्नी मोती मरांडी का चुनाव लड़ना तय हो चुका था. लेकिन चंपाई के दिमाग में कुछ और चल रहा था, उनके अंदर विधानसभा पहुंचने की महत्वाकांक्षा हिलोरें मार रही थी और इसी सियासी महत्वाकांक्षा की पूर्ति के लिए वह दिशोम गुरु का दाहिना हाथ माने जाने वाले सूरज मंडल के पटना आवास पर डेरा डाल बैठे थें. इस बीच शैलेन्द्र महतो ने मोती मार्डी को चुनाव लड़ने के लिए एबी फार्म भी उपलब्ध करवा दिया है, उस फार्म पर शिबू सोरेन और शैलेन्द्र महतो का हस्ताक्षर भी हो चुका है. 

तब सूरज मंडल बने थें चंपाई सोरेन का खेवनहार

जब शिबू सोरेन ने काटा था ‘टाइगर ऑफ कोल्हान’ का टिकट, जानिए कैसे घंटी छाप पर शुरू हुआ सियासी सफर
ग्राफिक इमेज

 

अब तो चंपाई सोरेन को टिकट मिलने का कोई सवाल ही नहीं था, लेकिन इस बीच सूरज मंडल ने चंपाई सोरेन को भी एबी फार्म उपलब्ध करवा दिया. दावा किया जाता है कि उस वक्त सूरज मंडल के पास शिबू सोरेन का हस्ताक्षर किया हुआ जरुरी कागजात और सादा पेपर भी होते थें. सूरज मंडल के पास गुरुजी का हस्ताक्षर किया हुआ एबी फार्म भी था. जैसे ही शैलेन्द्र महतो के द्वारा मोती मार्डी को एबी फार्म दिये जाने की खबर सूरज मंडल को मिली,सूरज मंडल ने चंपाई सोरेन को भी एबी फार्म उपलब्ध करवा दिया. जैसे ही एबी फार्म हाथ लगा, चंपाई सोरेन सराइकेला आकर अपना नामांकन करवा दिया. अब पार्टी की ओर से दो दो प्रत्याशियों को एबी फार्म मिल चुका था. इस हालत में रिटर्निंग ऑफिसर ने दोनों को निर्दलीय उम्मीदवार घोषित कर दिया. चंपाई सोरेन को घंटी छाप चुनाव चिह्न मिला और पार्टी का कार्यकर्ताओं के साथ जीत की वरमाला भी. यहीं से चंपाई सोरेन का सियासी सफर की शुरुआत होती है. यानि तब भी शिबू सोरेन की पंसद कृष्णा मार्डी की और कृष्णा मार्डी की चाहत ही थी. तब चंपाई सोरेन की गिनती तीसरे चौथे कतार के नेताओं में की जाती थी. लेकिन इस जीत के साथ ही सियासी गाड़ी निकल पड़ी और यदि सिर्फ वर्ष 2000 मुकाबले को छोड़ दिया जाय, जब अंनत राम टुडू को आगे कर भाजपा ने कमल खिलाने में कामयाबी हासिल की थी. चंपाई सोरेन लगातार जीत दर्ज करते रहें. हालांकि कई बार यह जीत महज कुछ सौ और कुछ हजार से मिली और इसके कारण उनके टाइगर ऑफ कोल्हान की उपाधि पर तंज कसा जाता रहा, फिर भी जीत मिलती रही. 

सूरज मंडल, कृष्णा मार्डी और शैलेन्द्र महतो के सियासी भटकाव से चमका चंपाई का चेहरा

जब शिबू सोरेन ने काटा था ‘टाइगर ऑफ कोल्हान’ का टिकट, जानिए कैसे घंटी छाप पर शुरू हुआ सियासी सफर
शैलेन्द्र महतो ( फाइल फोटो)

 

इस बीच सियासी परिस्थितियों बदलाव आया. सूरज मंडल, कृष्णा मार्डी और शैलेन्द्र महतो एक-एक कर पाला बदलते हुए झामुमो को अलविदा कर बैठें. तीनों ने ही कई सियासी प्रयोग किये, भाजपा का दामन भी थामा, लेकिन तमाम प्रयोग और जमीनी पकड़ के दावे के बावजूद भी आज झारखंड की सियासत में सूरज मंडल, कृष्णा मार्डी और शैलेन्द्र  महतो का दूर-दूर तक कोई वजूद नजर नहीं आता. बदले हालात में सभी सियासत के डस्टबीन में डाले जा चुके हैं, हालांकि तीनों ने ही भाजपा का दामन थामने के वक्त बड़े-बड़े सपने देखें था, लेकिन वह सारे सपने सिर्फ सपने ही रह गयें. लेकिन इन बड़े चेहरों की विदाई का लाभ चंपाई सोरेन को जरुर मिला. पार्टी के प्रति अटूट निष्ठा के कारण सियासी कद में विस्तार होता गया, लेकिन एक बार फिर से वही कहानी दुहरायी जाती दिख रही है. जिस अति आत्मविश्वास और सियासी चाहत में सूरज मंडल, कृष्णा मार्डी और शैलेन्द्र महतो का सितारा डूबा, अब चंपाई सोरेन भी उसी रास्ते निकल पड़े हैं. उम्र के इस पड़ाव पर चंपाई सोरेन ने सूरज मंडल, कृष्णा मार्डी और शैलेन्द्र महतो के सियासी पतन से भी सबक लेने की जरुरत भी नहीं समझी. हालांकि यह तो समय भी बतायेगा कि चंपाई सोरेन का सियासी हश्र क्या होता है? सूरज मंडल, कृष्णा मार्डी और शैलेन्द्र महतो की तरह सियासी दुर्गति होती है या फिर अर्जुन मुंडा की तरह सीएम की कुर्सी तक पहुंचते हैं.  फिलहाल तो वह भी अपने आप को ‘टाइगर ऑफ कोल्हान’ ही मान रहे हैं

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More