पीएम मोदी से मिले झारखंड भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी

नई दिल्ली, 27 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्य के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। राज्य में विधानसभा चुनाव से पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के वरिष्ठ नेता एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने के तारीख के आधिकारिक ऐलान के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मरांडी की इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुलाकात के बारे में पत्रकारों को बताते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि उन्होंने राज्य के राजनीतिक हालात और पार्टी संगठन द्वारा किए जा रहे कामकाज के बारे में प्रधानमंत्री को जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि झारखंड में जेएमएम में अब कुछ बचा नहीं है। चंपई सोरेन के भाजपा में शामिल होने से निश्चित तौर पर राज्य में पार्टी को फायदा होगा। उन्होंने यह भी साफ किया कि चंपई सोरेन को भाजपा में शामिल करने पर पहले प्रदेश स्तर पर चर्चा हुई थी और उसके बाद ही उन्हें दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलवाया गया था।

बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई मुलाकात की तस्वीर एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, “आज नई दिल्ली में आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से शिष्टाचार मुलाकात की। आदरणीय प्रधानमंत्री जी का सानिध्य एवं मार्गदर्शन सदैव जनसेवा की नई ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान करता है।”

उल्लेखनीय है कि असम के मुख्यमंत्री एवं झारखंड प्रदेश के चुनाव सह-प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार देर रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, चंपई सोरेन और अपनी मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए एक्स पर पोस्ट कर बताया था कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के प्रतिष्ठित आदिवासी नेता चंपई सोरेन 30 अगस्त को रांची में आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल होंगे।

–आईएएनएस

एसटीपी/एकेजे

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More