Sahebganj News: जिरवाबाड़ी के पचगढ़ और लोहंडा में भव्य करमा महोत्सव का आयोजन

जिरवाबाड़ी में पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर करम डाल की पूजा करतीं महिलाएं।

साहिबगंज: प्रकृति पर्व करमा की धूम जिले भर में शुरू हो गई है। प्रखंड मुख्यालय के जिरवाबाड़ी स्थित छोटा एवं बड़ा पचगढ़, लोहंडा, कोलूहा टोली, दुर्गा टोला, घोघी सहित अन्य गांवों के मैदान में भव्य करमा महोत्सव का आयोजन किया गया। महिलाएं पारंपरिक उत्साह के साथ पर्व मना रही हैं।

पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने विधि-विधान से करम डाल की पूजा की। करम डाल में रक्षा सूत्र बांधकर उन्होंने भाई की लंबी उम्र और प्रकृति की रक्षा की कामना की। यह पर्व समाज के सभी वर्ग मनाते हैं, लेकिन आदिवासी समाज के लिए इसका विशेष महत्व है।

उत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। महिलाओं व छात्राओं ने आकर्षक आदिवासी नृत्य पेश किया और झूमर गीतों पर जमकर ठुमके लगाए। मांदर की थाप पर हर कोई झूमता नजर आया। स्थानीय महिलाओं ने बताया कि आदिवासी समाज जंगल-झाड़ के बीच रहकर जल-जंगल-जमीन की रक्षा करता है और इस पर्व के जरिए अपनी भावनाओं को व्यक्त करता है।

उधर बोरियो, बरहरवा, बरहेट, राजमहल, मंडरो प्रखंड में भी करमा पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। महिलाएं करमा गीतों पर झूम रही हैं। महिलाओं ने बताया कि नौ दिनों तक घरों में करम डाल रखकर रोज पूजा की जाती है और जावा की टोकरी लेकर सामूहिक नृत्य करते हुए भाई की लंबी उम्र की प्रार्थना की जाती है। यह पर्व भाई-बहन के प्रेम, सुख-समृद्धि और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More