Koderma News: प्रकृति और भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक करमा सतगावां में धूमधाम से मनाया

सतगावां: प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों व पंचायतों में मंगलवार को प्रकृति और भाई बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक लोक आस्था का पर्व करमा बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। पर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र का माहौल पूरे दिन भक्तिमय व उत्सवपूर्ण बना रहा। करमा पूजा को लेकर मंगलवार की सुबह से ही सतगावां बाजार में खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूजा सामग्री, नए कपड़े, फल-फूल और पूजन सामग्री की दुकानों पर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
पर्व को लेकर लोगों विशेषकर महिलाओं और युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। वहीं संध्या काल में बहनों ने उपवास रखकर करम वृक्ष की डाल की स्थापना की और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। बहनों ने अपने भाइयों की लंबी उम्र, अच्छी सेहत और सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के दौरान पारंपरिक करम गीतों की गूंज से पूरा इलाका गुंजायमान हो उठा। देर रात तक करम डाले के चारों ओर महिलाओं एवं युवतियों ने समूह में नृत्य कर अपनी संस्कृति और परंपरा को जीवंत रखा। पूजा संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
