भाजपा का चंपाई प्लान: क्या कोल्हान में भाजपा का खुलेगा खाता, दांव पर है एसटी सुरक्षित 9 समेत 14 विधानसभा सीटें

रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कोल्हान टाइगर के नाम से कोल्हान में चर्चित चंपाई सोरेन अपने 4 दशक से भी अधिक लंबे राजनीतिक सफर में एक नई पारी खेलने को तैयार हैं। 70 के दशक के अंतिम सालों में झामुमो यानी झारखंड मुक्ति मोर्चा की स्थापना से ही उससे जुड़े रहे चंपाई सोरेन 30 अगस्त को बीजेपी में शामिल होने को तैयार हैं। बीजेपी से जुड़े लोगों का कहना है कि विधानसभा चुनाव के ठीक पहले चंपाई सोरेन के पार्टी में शामिल होने से कोल्हान प्रमंडल में जमीन से जुड़े किसी बड़े आदिवासी चेहरे की पार्टी की तलाश अब खत्म हो ताकि आगामी चुनाव में कोल्हान में भाजपा का खाता खुल सके।
दांव पर है कोल्हान प्रमंडल की 14 सीटें
आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा के लिए कोल्हान प्रमंडल बेहद महत्वपूर्ण है। जमशेदपुर, सरायकेला-खरसांवा और चाईबासा जिले में फैले इस प्रमंडल में कुल 14 विधानसभा सीटें हैं, जिसमें से अनुसूचित जनजाति यानी एसटी के लिए 9 सीटें सुरक्षित है तो वहीं अनुसूचित जाति के लिए 1 और सामान्य वर्ग के लिए 4 सीटें निर्धारित है। 2019 के विधानसभा चुनाव की यदि बात की जाए तो उस चुनाव में मुख्यमंत्री की कुर्सी पर 5 साल तक भाजपा के रघुवर दास के रहने के बावजूद पार्टी का खाता कोल्हान प्रमंडल में नहीं खुला था। यहां तक कि रघुवर दास अपनी सीट पर भी अपने ही मंत्रिमंडल के सहयोगी और निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरे सरयू राय से मात खा गए थे। 14 विधानसभा सीटों में महागठबंधन ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 13 सीटें जीत ली थी तो वहीं एक अन्य सीट निर्दलीय के खाते में आई थी जबकि भाजपा को एक भी सीट नहीं मिली।
ऐसे में इस बार विधानसभा चुनाव में चुनौती न सिर्फ खाता खोलने की है बल्कि पार्टी की नजर कम से कम 6-7 सीटों को जीतने पर भी है ताकि सत्ता में पांच साल बाद वापसी का सपना पूरा हो सके। हालांकि बीते लोकसभा चुनाव परिणाम को देखते हुए इस बहुत मुश्किल भी नहीं माना जा सकता है क्योंकि कोल्हान की दो लोकसभा सीटों में से एक सीट जमशेदपुर पर भाजपा ने तब जीत का परचम लहराया जब इस लोकसभा क्षेत्र के 6 विधानसभा सीटों में से एक भी उसके खाते में नहीं है। भाजपा ने न सिर्फ जीत दर्ज की बल्कि सभी इसकी विधानसभा सीटों पर भी अपनी बढ़त बनाई। हालांकि सिंहभूम लोकसभा सीट पर तत्कालीन कांग्रेस सांसद रही गीता कोड़ा को अपने पाले में लाने के बावजूद वह इस सीट को जीत नहीं पाई।
भाजपा के लिए सिंहभूम सीट पर सुखद यह रहा कि इस लोकसभा सीट की उस सरायकेला सीट पर पार्टी ने बढ़त बनाई, जहां से चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री रहे चंपाई सोरेन विधायक हैं। इसके अलावा पांच अन्य विधानसभा सीटों पर भाजपा जरूर पिछड़ गई। इसके अलावा कोल्हान की ही दो सीटें खरसांवा और ईचागढ़ में से भी भाजपा को एक सीट पर बढ़त मिली। ऐसे में देखा जाए तो इन 14 विधानसभा सीटों में से 8 सीटों पर भाजपा ने बढ़त बनाई तो 6 सीट जेएमएम-कांग्रेस के खाते में आए।
कोल्हान से अब भाजपा के पास 4 पूर्व मुख्यमंत्री
30 अगस्त को चंपाई सोरेन के भाजपा में शामिल होने के साथ ही भाजपा के पास झारखंड के पांच पूर्व मुख्यमंत्री हो जाएंगे, जिसमें से चार कोल्हान प्रमंडल से ही आते हैं। इनमें तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा का नाम प्रमुख है तो वहीं निर्दलीय मुख्यमंत्री रह चुके मधु कोड़ा भी बीते लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी का दामन थाम चुके हैं। इसके अलावा वर्तमान में ओड़िशा के राज्यपाल रघुवर दास पांच साल मुख्यमंत्री के रूप में अपना टर्म पूरा करने वाले झारखंड के एकमात्र मुख्यमंत्री हैं तो वहीं केवल पांच महीने ही मुख्यमंत्री रहे चंपाई सोरेन जल्दी ही बीजेपी में शामिल होने वाले हैं ऐसे में विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीति कोल्हान प्रमंडल में क्या होगी और उसका लाभ पार्टी को कितना मिलेगा, इसका खुलासा होना अभी शेष है।
इंडिया गठबंधन की रणनीति
चंपाई सोरेन के जेएमएम छोड़ने के एलान के बाद भी झामुमो और कांग्रेस के नेता इस मामले में ज्यादा आक्रामक प्रतिक्रिया देने से बच रहे हैं हालांकि जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सह राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने जरूर इस मामले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी लेकिन उसे बहुत ज्यादा तूल नहीं दिया था वहीं चंपाई सोरेन के बेदाग छवि और उनके समर्थकों में उनके प्रभाव को देखते हुए जेएमएम के नेता भी अभी बहुत खुलकर बयानबाजी से बच रहा है। क्योंकि आने वाले दिनों में बीजेपी में चंपाई सोरेन की भूमिका और स्थिति के आधार पर ही उनके विकल्प को लेकर जेएमएम किसी निर्णय की स्थिति में पहुंच सकता है। इसके अलावा चंपाई दा के समर्थक कुछ विधायकों के अगले कदम पर भी पार्टी की नजर होगी हालांकि कई विधायकों ने जरूर बीते दिनों जेएमएम में बने रहने का दावा करते हुए सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी और उनके नेतृत्व के प्रति आस्था जताई थी लेकिन राजनीति में कभी भी और कुछ भी संभव होने से इंकार नहीं किया जा सकता।
झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी बदलाव और नए नए प्रयोग के दौर से गुजर रही है। गीता कोड़ा,सीता सोरेन की भाजपा में एंट्री से लेकर लोकसभा चुनाव के बाद शिवराज सिंह चौहान के भाजपा प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं हिमंत बिस्वा सरमा के सह प्रभारी बनने और उसके बाद बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दों पर हेमंत सरकार को घेरने से लेकर चंपाई सोरेन को भाजपा में शामिल कराने तक पार्टी अलग-अलग दिशा में भटकती नजर आ रही है। कभी चुनावी मुद्दों को तय करने को लेकर तो कभी चंपाई सोरेन, लोबिन हेंब्रम सरीखे नेताओं को पार्टी में शामिल कराने की योजनाओं को लेकर या फिर उभरते नेता जयराम महतो के बढ़ते प्रभाव को कम करने के लिए उसके साथ चलने को लेकर। देखना होगा कि बीजेपी की यह अंतहीन यात्रा उसे विधानसभा चुनाव में लाकर कहां खड़ा करती है।
