सर्पदंश के बढ़ रहे मामले, काटने पर बिना देर किए पहुंचें अस्पताल

रांची : राजधानी व आसपास के जिलों में लगातार हो रही बारिश के कारण आम लोगों का जनजीवन जहां अस्त-व्यस्त नजर आ रहा है तो वहीं इस बारिश ने ग्रामीण इलाकों में सर्पदंश के मामलों को भी बढ़ा दिया है। यानी लगातार बारिश के कारण सर्पदंश के मामले अस्पातलों में बढ़ने लगे हैं। हर दिन केवल रिम्स और सदर अस्पताल में ही आने वाले मरीजों में कई मामले सांप काटने के सामने आ रहे  हैं। सदर अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार बीते 15 दिनों 50 से अधिक सर्पदंश के मामले आ चुके हैं और अभी इसके बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा निजी अस्पतालों  में भी सर्पदंश के मामले आ रहे हैं।

सर्पदेश के बढ़ते मामलों ने अस्पतालों के डॉक्टरों की परेशानी बढ़ा दी है। डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे मामलों में पीड़ित को जल्दी से जल्दी अस्पताल लाना ही बेहतर है। सर्पदंश की स्थिति में पीड़ितों को बिना देर किए अस्पताल लाए जाने पर उनकी जान को बचाने की संभावना ज्यादा होती है। अस्पतालों में सांप के जहर को कम करने के लिए एंटी स्नैकवेनम दिए जाने की व्यवस्था है। बारिश के दिनों में ऐसे मामलों में वृद्इधि को देखते हुए एंटी स्नैकवेनम की उपलब्धता सदर अस्पताल से लेकर प्रखंडों के विभिन्न अस्पतालों में भी स्वास्थ्य विभाग की ओर से की गई है। वहीं रिम्स में भी पर्याप्त मात्रा में इसकी उपलब्धता है। 

क्या कहते हैं विशेषज्ञ

रिम्स मेडिसिन विभाग के एचओडी डॉ विद्यापति सर्पदंश के बढ़ते मामलों पर बताते हैं कि सांप काटने के बाद घबराने की जगह जल्दी से जल्दी यानी बिना देरी किये मरीज को लेकर अस्पाताल पहुंचने की होनी चाहिए। इसके अलावा जंगल या झाड़ी वाले जगहों में चलने के दौरान पर अपनी आंखों को खुली रखें। हाथ में छड़ी लेकर चलें। रात्रि के समय टार्च साथ लेकर चलें। फूल तोड़ते समय या कच्चे घरों में जाते समय भी विशेष ध्यान रखें।

इसके बावजूद यदि सांप डस ले तो शांत और धैर्य रखना चाहिए। घबराने पर हृदय की गति बढ़ेगी जिसका सीधा असर खून के संचालन पर पड़ सकता है। यदि खून का संचालन बढ़ेगा तो शरीर में जहर जल्दी फैलेगा। सर्पदंश वाले स्थान को कम से कम 20 मिनट तक पानी और साबुन से लगातार धोते रहें। रस्सी से नहीं, बल्कि दुपट्टा या चौड़े बैंटेज से बांधकर नजदीकी अस्पताल तुरंत पहुंचे। विशेषज्ञों का कहना है कि अगर हास्पिटल 45 मिनट से ज्यादा दूरी पर हो तो बैंडेज को 2-3 मिनट के लिए खोल दें और फिर बांध दें। सर्पदंश की पहचान को लेकर डॉक्टरों का कहना है कि सर्पदंश वाले स्थान के पास उसके दांतो से दो छेद बन जिनके आस पास सूजन आ जाते है तथा आसपास लाल हो जाता है।

लेखक के बारे में

By Nivedita Jha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More