कोडरमा: राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर बैठक, लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय

कोडरमा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, कोडरमा के तत्वावधान में 28 सितंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के प्रकोष्ठ में बीमा कंपनियों एवं दावाकर्ता के अधिवक्ताओं के साथ एक बैठक संपन्न हुई. बैठक की अध्यक्षता कोडरमा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार बाल कृष्ण तिवारी ने की. प्रधान जिला जज ने उपस्थित अधिवक्ताओं से आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन की दिशा में आवश्यक पहल करने की अपील की. उन्होंने कहा कि जहाँ एक ओर मामलों के निष्पादन से विभाग को राजस्व की वसूली करने में सहायता होती है, वहीं दूसरी ओर न्यायालय से मुकदमों का बोझ कम होता है. 

उन्होंने अधिवक्ताओं से अपने स्तर से भी पक्षकारों को सूचित करने तथा उनको अपने मामलों का निष्पादन राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से कराने के प्रति जागरुक करने की भी अपील की. साथ ही विभिन्न बीमा कंपनियों के अधिवक्ताओ से अनुरोध किया गया कि वे अपने स्तर से पक्षकारों को नोटिस करें ताकि अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन किया जा सके. प्रधान जिला जज ने सभी बीमा कंपनियों के अधिवक्ताओ को दावाकर्ता एवं बीमा कंपनियों की सूची उपलब्ध कराने की अपील की ताकि न्यायालय द्वारा भी अपने स्तर से उन्हें अपने मामले के निष्पादन के लिए सूचित किया जा सके. प्रधान जिला जज ने बीमा कंपनियों एवं दावाकर्ताओ के अधिवक्ताओ से अनुरोध किया है कि उभय पक्षों के बीच आपसी सहमति के आधार पर मामले को निष्पादित करने में भरपूर सहयोग करे ताकि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना मुआवजा अधिनियम से सम्बंधित दावा वादों का अधिक से अधिक निष्पादन किया जा सके. 

मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार, अधिवक्ता सुधीर कुमार, चन्दन पाण्डेय, शिव नंदन कुमार शर्मा, सुधीर कुमार सिन्हा, उदय शंकर प्रसाद सिन्हा, जय गोपाल शर्मा, राजेश कुमार यादव, ऋषि कान्त, संदीप यादव, कुमार रौशन, रीतम कुमारी, संजय कुमार रवानी, गोविन्द कुमार, न्यायालयकर्मी रणजीत कुमार सिंह एवं अन्य अधिवक्तागण उपस्थित थे.

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More