रिम्स के डॉक्टरों के लिए विदेश में प्रशिक्षण लेना अब आसान नहीं, बनाए जा रहे सख्त नियम

रांची: पिछले कुछ वर्षों से रिम्स के कई डॉक्टर अंतरराष्ट्रीय स्तर के सम्मेलनों या सेमिनारों में भाग लेने के लिए विदेश यात्रा पर जाते हैं, लेकिन वहां से लौटने के बाद वे रिम्स छोड़कर अन्यत्र प्रैक्टिस करने चले जाते हैं। क्रिटिकल केयर, प्लास्टिक सर्जन, सीटीवीएस, कार्डियोलॉजी समेत अन्य विभागों के डॉक्टर रिम्स से जा चुके हैं। इन संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रिम्स ने प्रस्ताव तैयार किया है। अगर कोई डॉक्टर रिम्स के फंड से विदेश यात्रा करता है और किसी अंतरराष्ट्रीय स्तर के कॉन्फ्रेंस या सेमिनार में हिस्सा लेता है, तो उसे पहले तीन साल का बॉन्ड भरना होगा। इस बॉन्ड के मुताबिक, वह चाहकर भी अगले तीन साल तक किसी भी हालत में रिम्स की नौकरी नहीं छोड़ सकता। अगर वह रिम्स छोड़ता है, तो उसे विदेश यात्रा का पूरा खर्च रिम्स को वापस करना होगा।
इसके अलावा अगर प्रबंधन की ओर से किसी डॉक्टर को सुनवाई के लिए राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन में भेजा जाता है तो उसे एक साल का बॉन्ड भी भरना होगा। इस संबंध में रिम्स की शासी निकाय की बैठक में यह निर्णय लिया जा चुका है और इस निर्णय को लेकर आदेश भी जारी कर दिया गया है। शासी निकाय की बैठक में रिम्स को बताया गया कि अगर किसी डॉक्टर को प्रशिक्षण के लिए विदेश भेजा जाता है और वह प्रशिक्षण लेकर वापस लौटता है और रिम्स छोड़ देता है तो प्रबंधन का पैसा बर्बाद होता है।
रिम्स में काम करनेवाले डाक्टरों का यह चलन बढ़ गया था कि वे विदेश में प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेकर लौटने के बाद रिम्स की नौकरी छोड़ दें। इसके बाद बांड लगाने पर निर्णय लिया गया। प्रबंधन की ओर से कहा गया है कि डाक्टरों को प्रशिक्षित करने के लिए विदेश या देश के किसी भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के कान्फ्रेंस में भेजा जाएगा। कई बार कान्फ्रेंस लौटने के बाद चिकित्सक अपने अनुभव को दिखाकर दूसरे संस्थानों में चले जाते हैं। इस तरह की घटना आगे न हो सके इसे देखते हुए यह पहल की गई है।
तीन वर्ष में एक बार विदेश जाने का मौका रिम्स प्रबंधन उच्च पदों के डाक्टरों को तीन वर्ष में एक बार विदेश में कान्फ्रेंस में शामिल होने का मौका देगा। राष्ट्रीय स्तर के कान्फ्रेंस के लिए वर्ष में दो बार मौका दिया जाएगा। उन्हीं डाक्टरों को जाने का मौका दिया जाएगा, जिनका शोधकार्य का पेपर रिम्स में प्रस्तुत हो चुका है। साथ ही कहीं पर गेस्ट लेक्चर के रूप में आमंत्रित किया गया हो।
डाक्टरों ने कहा-कड़े नियम बनाए जा रहे हैं
इस निर्णय का कुछ का कुछ डॉक्टर बता रहे है कि यदि यह किसी राष्ट्रीय स्तर के संस्थानों में लागू है तो फिर कोई समस्या नहीं है लेकिन अगर इसे यहीं लागू किया गया है तो इसे सरल बनाने की जरूरत है। क्रिटिकल केयर के एचओडी डा. प्रदीप भट्टाचार्य बताते हैं कि इस तरह बाहर जाने से संस्थान का नाम होता है. डाक्टरों को कुछ नया सीखने को मिलता है। वहीं, रिम्स के शिक्षक एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. प्रभात कुमार बताते हैं कि यह नियम सही नहीं है, इस तरह से डाक्टरों का मनोबल गिरता है, वे जो भी सीखेंगे उससे मरीजों को लाभ मिलेगा, संस्थान का नाम ऊंचा होगा।
