कोल्हान में कोलाहल! 30 अगस्त को चंपाई सोरेन के साथ और कौन-कौन!
रांची: 30 अगस्त को झारखंड की सियासत में एक महत्वपूर्ण अध्याय लिखा जाने वाला है. बड़े बदलाव की कहानी लिखी जानी है. इतना तो तय है कि चार दशक का हरा पट्टा उतार दिशोम गुरु का सबसे विश्वस्त शिष्य चंपाई भगवा पट्टा के साथ अपनी नयी सियासी यात्रा की शुरुआत करने जा रहे हैं, जेल यात्रा से पहले भतीजे हेमंत ने सीएम की जिस कुर्सी पर विराजमान किया था, पांच महीनों की कालकोठरी के दौरान चाचा चंपाई को वह कुर्सी प्यारी लगने लगी थी, जिसे छोड़ना दिल में मलाल पैदा कर रहा था. हरा के भगवा पहनते ही वह कुर्सी अब बेहद करीबन नजर आने लगी है. लेकिन क्या 30 अगस्त को सिर्फ चंपाई सोरेन के नयी सियासी यात्रा की शुरुआत होने जा रही है? या इस महायज्ञ में कुछ और पालाबदल का खेल भी होने जा रहा है? क्या जिन विधायकों की ओर से सीएम हेमंत के प्रति अपनी अटूट आस्था को प्रकट किया है. साथ निभाने की कसमें खायी है, वह महज एक अस्थायी पड़ाव था और 30 अगस्त को इसकी फाइनल तस्वीर भी सामने आ सकती है. क्या हजारों की उस भीड़ में सिर्फ चंपाई सोरेन अपने पुत्र बाबूलाल सोरेन के साथ भगवा पट्टा पहनते नजर आयेंगे या फिर इस सियासी सफर का कोई और हमसफर भी होगा? दावा किया जा रहा है कि 30 अगस्त को ही लोबिन हेम्ब्रम का भी भाजपा में औपचारिक एंट्री होने वाली है, तो क्या यह संख्या सिर्फ तीन बड़े चेहरों तक ही सीमित रहने वाली है?
सियासी गलियारों में पालाबदल की तैरती कहानियां
दरअसल सियासी गलियारों में इसकी चर्चा एक बार फिर से शुरु हो चुकी है कि यह सिर्फ तीन चेहरों का खेल नहीं होने वाला है, एक बड़ी स्क्रिप्ट भी तैयार है.इस स्क्रिप्ट में कई बड़े चेहरों का नाम है, इसमें कई चेहरों के द्वारा अभी हाल में सीएम हेमंत से मुलाकत कर अपनी अटूट निष्ठा का दावा भी किया गया है, लेकिन सियासत में अटूट नाम की कोई चीज नहीं होती. इधर झामुमो भी इस घटनाक्रम पर अपनी नजर बनाये हुए हैं. 30 अगस्त को सीएम हेमंत भी उसी कोल्हान में होंगे, जिस कोल्हान से झामुमो की जड़ पर प्रहार का मास्टर प्लान तैयार किया गया है. साफ है कि यह महज इत्तेफाक नहीं है कि सीएम हेमंत ने अपनी यात्रा के लिए भी 30 अगस्त की तिथि ही निर्धारित की है, उनके पास भी कोल्हान में मचे कोलाहल की पल पल की जानाकारियां पहुंच रही है. और यह यात्रा भी उसी कोलाहल पर विराम लगाने की तैयारी है. अपने सारे विधायकों को अपने साथ बांधे रखने की रणनीति है. इस हालत में देखना दिलचस्प होगा कि 30 को निर्धारित यह सियासी यज्ञ किस मुकाम तक पहुंचता है. यदि यह सिर्फ दो चेहरों का पालाबदल तक ही सीमित रह गया तो यह झामुमो की एक बड़ी रणनीतिक कामयाबी मानी जायेगी.
चंपाई सोरेन का सियासी हमसफर की खोज पूरी

आपको बता दें कि जिस हमसफर की खोज में दिशोम गुरु का तपा-तपाया शिष्य और पूर्व सीएम चंपाई सोरेन ने हरे रंग वाली झामुमो को अलविदा करने का मन बनाया था, आखिरकार वह खोज पूरी हो गयी, 30 अगस्त को हरा रंग से भगवा होने की औपचारिकता पूरी कर ली जायेगी. खबर यह भी है कि इस बीच खुद गृह मंत्री अमित शाह चंपाई सोरेन के आवास पर भी जायेंगे. साफ है कि डूबती आशाओं के बीच भाजपा को कोल्हान में एक खेवनहार मिल गया है, कोल्हान के जिस दुर्ग को गीता कोड़ा के पालाबदल से ध्वस्त करने में सफलता नहीं मिली, मधू कोड़ा के सानिध्य से जिस किले में दरार नहीं आयी, अब उस किले ध्वस्त करने में कोल्हान टाईगर पतवार की भूमिका में नजर आयेंगे.
सामने आने वाला है ‘कोल्हान में कोलाहल’ का अंतिम परिणाम

आपको बता दें कि संताल और कोल्हान को झामुमो का सबसे मजबूत किला समझा जाता है, हालांकि वर्ष 2019 में संताल की 16 में 4 सीटों पर भाजपा भगवा फहराने में सफल रही थी, लेकिन कोल्हान की 14 की 14 सीटों से सफाया हो गया था. इस प्रर्दशन के साथ ही डबल इंजन की सरकार का सत्ता से विदाई हो गयी थी, हेमंत की उस आंधी में खुद तात्कालीन सीएम रघुवर दास को भी पूर्वी जमेशदपुर की अपनी सीट गंवानी पड़ी थी. हालांकि उतरी छोटानागपुर में भाजपा का प्रदर्शन तब भी बेहतर रहा था, 28 में से 16 सीटों पर वह जीत हासिल करने में कामयाब रही थी. लेकिन पांच वर्ष गजुरने के बावजूद भी भाजपा के सामने आज भी संताल और कोल्हान को फतह करना एक चुनौती है. इसी चुनौती को पूरा करने के लिए कभी सीता-गीता का प्रयोग किया जाता है तो कभी चंपाई सोरेन को भगवा पट्टा पहनाया जाता है, हालांकि इस प्रयास का भी अंतिम परिणाम क्या होगा, इसका फैसला तो विधानसभा चुनाव के बाद ही होगा. लेकिन हर सियासी दल की तरह भाजपा भी कोशिश भी इस चुनौती को पार पाने की है.
बैक फायर में टूट सकता है भाजपा का सपना
लेकिन भाजपा रणनीतिकारों की यह रणनीति बैक फायर भी कर सकता है. चंपाई सोरेन का भाजपा में आना भले ही उसके सामान्य कार्यकर्ताओं के लिए एक सामान्य सी बात हो, लेकिन बाबूलाल और अर्जुन मुंडा के लिए यह सपनों पर व्रजपात होने के समान है. चंपाई सोरेन की इस वापसी पर अभी तक ना तो अर्जुन मुंडा ने अपना मुंह खोला है और ना ही बाबूलाल की ओर से कोई प्रतिक्रिया आई है, साफ है कि भाजपा के ये दोनों स्टालवार्ट बेहद खामोशी के साथ बदलते हालात पर नजर बनाये हुए हैं, और इसका पार्टी के सांगठनिक स्ट्रक्चर में क्या बदलाव हो सकता है. इसकी समीक्षा की जा रही है और यदि चंपाई सोरेन को सीएम चेहरे के रुप में प्रस्तूत करने की कोशिश की जाती है, तो फिर इस ऑपरेशन का बैक फायर की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता.
बाबूलाल के दिल में उमड़ता दर्द
1.jpg)
यहां यह भी याद रहे है कि चंपाई सोरेन को भले ही कोल्हान का टाइगर की उपाधि से नवाजा जाता रहा हो, लेकिन एक सच यह भी है कि पूरे कोल्हान में वह अपने चेहरे के बूते ना तो झामुमो का परचम लहराने में सफल थें और ना ही भाजपा की नैया पार करने की स्थिति में हैं, बहुत हद तक सराईकेला और उसके निकटवर्ती विधानसभाओं में ही इसका प्रभाव पड़ सकता है, लेकिन बाबूलाल की सियासी पकड़ झारखंड के किसी खास कोने में सिमटना नहीं रहा रहा है, पलामू प्रमंडल, उतरी छोटानागपुर से लेकर संताल की सियासत में भी मजबूत हस्तक्षेप रहा है. इस हालत में यदि बाबूलाल के सीने में कोई दर्द होता है, कोई टीस नजर आती है, तो इसका दुष्परिणाम भी भाजपा को झेलना पड़ सकता है, ठीक यही स्थिति अर्जुन मुंडा की है. चंपाई प्रकरण के बीच पहले ही अर्जुन मुंडा ने यह बोल कर अपना संकेत दे दिया था कि कोल्हान की सियासत में भाजपा के पास पहले से ही कई मजबूत चेहरे हैं, साफ है कि उनका इशारा अपने चेहरे की ओर था, वह राज्य के तीन तीन बार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं, इस हालत में एक खतरा यहां से भी सामने आ सकता है.
पांच-पांच पूर्वमुख्यमंत्रियों को हैंडल करने की चुनौती
हालांकि अभी इसमें कुछ वक्त लगेगा और यह भी देखना होगा कि भाजपा इसे किस रूप में हैंडल करती है. क्योंकि चंपाई सोरेन के साथ ही भाजपा के अंदर पूर्व मुख्यमंत्रियों की संख्या पांच हो जायेगी. रघुवर दास, बाबूलाल मरांडी और अर्जुन मुंडा के साथ ही मधु कोड़ा को भी भाजपा के साथ ही गिना जा सकता है और पांचवां नम्बर चंपाई सोरेन का होगा. इस प्रकार पांच-पांच पूर्व मुख्यमंत्रियों को एक साथ संभलाना भी कोई आसान चुनौती नहीं होगी, फिर बाबूलाल ने 14 वर्षों के सियासी वनवास के बाद अपनी पार्टी का भाजपा में विलय सिर्फ भगवा झंडा ढोने के लिए तो नहीं किया था, उनके अंदर भी सियासी महत्वकांक्षा होगी, सीएम का सपना होगा, तो क्या अब वह इन सपनों को तिलाजंलि देने को तैयार होंगे? हालांकि फिलहाल वह अपनी इस पीड़ा को सार्वजनिक करने की स्थिति में नहीं है, लेकिन यदि इस ऑपरेशन से उनके सीने में कोई दर्द होता , कोई पीड़ा होती है, तो यह पूरा ऑपरेशन बैक फायर भी कर सकता है. क्योंकि राजनीति में एक साथ कई चेहरे काम करते हैं, सियासत का सच सिर्फ वह नहीं होता जो सामने से दिखलायी देता है, यदि ऐसा होता तो आज चंपाई सोरेन भाजपा के साथ क्यों होते? जिस तरीके से हिमंता विस्व सरमा ने दावा किया है कि पिछले पांच महीनों से उनका चंपाई सोरेन के साथ संवाद चल रहा था, उसके बाद तो इसमें कोई शक सुबहा की बात नहीं रही कि जिस हेमंत सोरेन ने उनकी ताजपाशी की थी, अपने निकट संबंधियों को किनारा कर सीएम की कुर्सी पर बैठाया था, उस हेमंत सोरेन को जेल जाते ही चंपाई का भगवाकरण की शुरुआत हो चुकी थी, सीएम की कुर्सी पर रहते हुए ही झामुमो को धवस्त करने की रणनीति बनायी जा रही थी, भले ही सत्ता की झामुमो की थी, लेकिन सियासत हेमंत के बजाय हिमंता का चल रहा था, चंपाई सोरेन भाजपा के मोहरा बन काम कर रहे थें, और इसका कारण भी बेहद साफ है, चंपाई सोरेन को इस बात में कोई शक सुबहा नहीं था कि हेमंत के लौटते ही उन्हे अपनी कुर्सी गंवानी पड़ेगी, लेकिन एक बार सीएम कुर्सी पर बैठने के बाद उनकी सियासी महत्वाकांक्षा आसमान छूने लगा था, अब वह किसी भी कीमत पर इस कुर्सी को छोड़ने को तैयार नहीं थे? एक सियासत दान के रुप में अपना सियासी शतरंज बिछाने का चंपाई सोरेन को पूरा हक है, लेकिन यह हक बाबूलाल के पास भी है, और यह आशा करना कि बाबूलाल और अर्जुन मुंडा इसी यों ही स्वीकार कर लेंगे, एक अपरिपक्व नजरिया होगा.
चंपाई के स्वागत में निशिकांत, बाबूलाल ने ओढ़ी खामोशी की चादर
हेमंत @HemantSorenJMM जी में हिम्मत ख़त्म हो गई,आजतक @ChampaiSoren जी को मंत्रिमंडल से निकालने की हिम्मत नहीं जुटा पाए,अपनी मर्ज़ी से इस्तीफ़ा देंगे व भाजपा में शामिल होंगे ।चेला चपाटे को एक महीने खाने कमाने दीजिए फिर तो? गुरुजी के नाम को मिट्टी में मिला दिया आपने pic.twitter.com/g7WMNFCAc3
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) August 27, 2024
ध्यान रहे कि चंपाई प्रकरण अखबारों की सुर्खियां बन रही है, निशिकांत दुबे चंपाई सोरेन को आगे कर हेमंत सोरेन पर हमलावर हो रहे हैं, यह दावा ठोंक रहे हैं कि चंपाई को मंत्रिमंडल से बाहर करने का हिम्मत भी हेमंत सोरेन के पास नहीं बचा,
भारतीय जनता पार्टी परिवार में आपका स्वागत है … 🪷
झारखंड आंदोलनकारी, आदरणीय शिबू सोरेन जी के हनुमान, झारखंड मुक्ति मोर्चा के सबसे वरिष्ठ नेता, पूर्व मुख्यमंत्री श्री @ChampaiSoren जी को जोहार !
झारखंड मुक्ति मोर्चा ने झारखंड की जनता को धोखा दिया, अपनों को भी नहीं छोड़ा।… pic.twitter.com/f9mQlgCVIu
— Amar Kumar Bauri (@amarbauri) August 27, 2024
उधर नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी चंपाई सोरेन का दिल खोल कर स्वागत करते हुए अपने सोशल मीडिया एकाउंट पर लिखते हैं कि “भारतीय जनता पार्टी परिवार में आपका स्वागत है,झारखंड आंदोलनकारी, आदरणीय शिबू सोरेन जी के हनुमान, झारखंड मुक्ति मोर्चा के सबसे वरिष्ठ नेता, पूर्व मुख्यमंत्री श्री @ChampaiSoren जी को जोहार! झारखंड मुक्ति मोर्चा ने झारखंड की जनता को धोखा दिया, अपनों को भी नहीं छोड़ा। आपने जनता की अपेक्षा के अनुरूप निर्णय लिया है। लेकिन बाबूलाल से लेकर अर्जुन मुंडा की ओर से चंपाई सोरेन के खैर मकदम में एक भी ट्विट नहीं आया. क्या यह इस बात का सबूत नहीं है कि चंपाई सोरेन की एंट्री के बाद भाजपा अंदर भी एक भूचाल आने वाला है, बाबूलाल और अर्जुन मुंडा की चुप्पी इसी ओर इशारा है.
