चाईबासा: कोल्हान टाईगर चंपाई सोरेन अब भाजपा में बनेगें कोल्हान लॉयन
चाईबासा: जेएमएम के कोल्हान टाईगर क्या भाजपा में लॉयन यानी शेर बन पायेंगे, यह सवाल बड़ा है, इसलिए कि चंपाई सोरेन ने जो अपना नया अध्याय शुरू किया है, उसमें खोने और पाने का यानी राजनितिक लाभ और हानि का आकलन किया जा रहा है. राज्य में आदिवासी समाज फिलहाल भाजपा के तरफ़ जाता नहीं दिख रहा है. वर्तमान में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जेएमएम का ग्राफ तेजी से बढ़ा है. ऐसे भी लोकसभा चुनाव में भाजपा के दिग्गज आदिवासी नेता जैसे बाबूलाल मरांडी,अर्जुन मुंडा, मधु कोड़ा जैसे महारथी अपने ही समाज को साध नहीं पाए. सीता और गीता को पार्टी में लाकर भी भाजपा को कोई राजनीतिक लाभ नहीं मिला लेकिन भाजपा इस बार सत्ता पाने के लिए कुछ भी करती नज़र आ रही है. इसी क्रम में सुदेश महतो के साथ गठबंधन करने के लिए भाजपा खुद आज आजसू के इर्द गिर्द घूमती नजर आ रही है.
अब देखना यह है दिशोम गुरु शिबू सोरेन के बाद सेकंड लाईन के जेएमएम के सबसे बड़े नेता कोल्हान टाईगर को भाजपा में शामिल कराकर किस हद तक आदिवासी समाज में सेंधमारी कर सकते हैं. यह एक बड़ा सवाल है जो भाजपा के लिया बड़ा जोखिम भरा है. लोकसभा चुनाव में आदिवासी सीट जीत कर आज भी महागठबंधन की सरकार अपने आप को विधानसभा में अच्छे अंक लाने यानी फिर से सरकार बनाने की तैयारी में हैं. कोल्हान में चंपाई सोरेन के भाजपा में शामिल होने के बाद दो पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और अर्जुन मुंडा की अहमियत पर भी सवाल खड़ा हो गया है, साथ ही संथाल परगना में भी चंपाई को भाजपा बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकती है,जिससे बाबूलाल मरांडी की भी हैसियत का अंदाज़ा लग जायेगा.
कुल मिलाकर भाजपा का पहला मक़सद अधूरा रह जाने यानी ऑपरेशन लोटस यानी चंपाई को महाराष्ट्र का एकनाथ शिंदे बनाने में फेल होने के बाद अब चंपाई सोरेन को भाजपा में शामिल करने से कोल्हान में राजनितिक करवट किस ओर बैठती है,यह दृश्य भी जल्द देखने को मिल सकता है. सूत्रों के अनुसार मधु कोड़ा को भाजपा में शामिल करने और सीता, गीता के हरण से भाजपा को कोई लाभ नहीं मिलने के गम को चंपाई सोरेन दूर करेंगें. यह भाजपा में चिंतन मंथन के साथ पार्टी के अन्दर चर्चाओं का बाजार गर्म है.
