झारखंड कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में बने उम्मीदवार, कांग्रेस ने जारी की पहली लिस्ट

रांची: जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए कांग्रेस ने सोमवार को अपने 9 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में कांग्रेस ने झारखंड कांग्रेस के प्रभारी व जम्मू-कश्मीर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर को भी उम्मीदवार बनाया है। वह अनंतनाग जिले के डोरू विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। इसके अलावा पार्टी ने दो अन्य पूर्व अध्यक्षों पीरजादा मोहम्मद सईद और विकार रसूल वानी को भी टिकट दिया है। मोहम्मद सईद को अनंतनाग विधानसभा सीट और विकार रसूल वानी को रामबन जिले की बनिहाल विधानसभा सीट से टिकट दिया है।

कांग्रेस ने जिन अन्य उम्मीदवारों की घोषणा की है। उनमें पुलवामा जिले की त्राल सीट से सुरिंदर सिंह चन्नी, कुलगाम जिले की देवसर सीट से अमानुल्लाह मंटू, किश्तवाड़ जिले की इंदरवाल सीट से शेख जफरुल्लाह, डोडा जिले की भद्रवाह सीट से नदीम शरीफ, डोडा सीट से शेख रियाज और डोडा पश्चिम सीट से डॉ. प्रदीप कुमार भगत को टिकट दिया है। जम्मू और कश्मीर में तीन चरणों में 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होने हैं। 24 सीटों पर पहले चरण के नामांकन का आज अंतिम दिन है।

कांग्रेस ने उम्मीदवारों की लिस्ट नेशनल कॉन्फ्रेंस के साथ विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे को लेकर हुई चर्चा और सीट बंटवारे पर सहमति बनने के बाद की। सीट बंटवारे का एलान नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, वरिष्ठ कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल, सलमान खुर्शीद और जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने श्रीनगर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि दोनों दलों ने कुल 90 सीटों में से 85 सीटों पर सीट बंटवारे और शेष पांच सीटों पर ‘दोस्ताना मुकाबले’ पर सहमति जताई है।

बता दें कि 85 सीटों में से नेशनल कॉन्फ्रेंस 51 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि कांग्रेस 32 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और बाकी दो में से एक-एक सीट पर सीपीआई-एम और पैंथर्स पार्टी चुनाव लड़ेगी। जिन पांच सीटों पर नेशनल कॉन्फ्रेंस और कांग्रेस के उम्मीदवार आमने-सामने होंगे। उनमें जम्मू क्षेत्र की बनिहाल, डोडा, नगरोटा और भद्रवाह और घाटी क्षेत्र की सोपोर शामिल हैं। कर्रा ने कहा कि दोनों पार्टियां इन पांच सीटों पर एक-दूसरे के खिलाफ उम्मीदवार उतारेंगी, लेकिन मुकाबला पूरी तरह से दोस्ताना होगा।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More