असम मुख्यमंत्री के हलचल मात्र से झामुमो की नींद हराम: प्रदीप वर्मा

रांची: झामुमो प्रवक्ता यही भाईचारा प्रेम की बात गोपीनाथपुर, गाय बथान में बताते और न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराते,आदिवासी गरीब की जमीन घुसपैठियों से वापस दिलाते तो राज्य का भला होता. भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा ने आज सुप्रियो भट्टाचार्य के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि झामुमो की बेचैनी बढ़ गई है. रात की नींद हराम हो चुकी है, जबसे असम के लोकप्रिय मुख्यमंत्री हिमंत विश्वा सरमा का झारखंड में सांगठनिक प्रवास तेज हुआ है.
उन्होंने कहा कि आंदोलन की उपज बताने वाली पार्टी और नेता आज लोकतांत्रिक आंदोलन का मजाक उड़ा रहे हैं. उन्हें बताना चाहिए कि भाजपा के नेतृत्व में लगातार 5 वर्षों से अन्याय,अत्याचार,भ्रष्टाचार,लूट वादा खिलाफी पर सदन से सड़क तक आंदोलन चल रहे हैं. इसके पूर्व पारा शिक्षकों,पुलिसकर्मियों ,आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका,अनुबंधित कर्मियों ने आंदोलन किया,आज भी कर रहे,क्या सभी हत्यारे हैं, आपके वायदों को याद कराकर अधिकार मांगना उन्हें नहीं चाहिए.
उन्होंने कहा कि आज भी झामुमो निर्लज्जता की सीमा लांघ रहा है. आज भी वे युवाओं को नौकरी देने,किसानों के ऋण माफ कर देने ,महिलाओं को सम्मान देने की झूठी बातें प्रेसवार्ता में कर रहे हैं. यह सब ठगबंधन सरकार ने कर दिया होता तो लोग क्यों सड़कों पर उतरते. उन्होंने कहा कि आज उनके वादे ही उनके लिए कांटे बन गए. जब जब भाजपा याद दिलाती है तो उन्हें दर्द होने लगता है. वे अपनी नाकामियों पर पर्दा डालना चाहते. इसके लिए प्रशासनिक तंत्र का खुल्लम खुल्ला दुरुपयोग करते हैं.
उन्होंने कहा कि आज झामुमो को गरीबों के अनाज की लूट नही दिखती,अस्पताल में दवा ,और साधन के अभाव में मरते गरीब नही दिखते,बिना विद्यालय के शिक्षक नही दिखाई देते, बांग्लादेशी घुसपैठियों से बदलती डेमोग्राफी चिंतित नहीं करती,घुसपैठियों द्वारा आदिवासी बहन बेटियों से शादी कर जमीन हड़पना,आदिवासियों की जमीन लूटना नही दिखता. झामुमो को सब भाईचारा दिखता क्योंकि वोट बैंक,तुष्टिकरण उनके रग रग में है.
प्रदीप वर्मा ने कहा कि झामुमो जितना ताकत भाजपा पर लगा रही उतनी ताकत बांग्लादेशी घुसपैठियों से गाय बथान के आदिवासी की जमीन वापस करने में लगाती तो कुछ भला होता. आज गोपीनाथ पुर के लोग गांव छोड़कर भाग रहे. झामुमो सत्ता की रोटी सेंकने में लगा है. चुनाव आयोग की टीम के दौरे मात्र से झामुमो को दौरा चढ़ जाता है, लेकिन कुर्सी का अंत तो आना है. कुर्सी जनता ने दी है. अब जनता हटाने को तैयार है.
