अमित शाह से मुलाकात के बाद बोले आजसू पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो, भाजपा के साथ मिलकर लड़ेंगे चुनाव

रांची: आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो ने सोमवार शाम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नई दिल्ली में मुलाकात की। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि पार्टी झारखंड में भाजपा के साथ मिलकर मजबूती के साथ विधानसभा चुनाव लड़ेगी। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि अगर वह एनडीए में आते हैं तो इससे निश्चित रूप से गठबंधन को मजबूती मिलेगी।

WhatsApp Image 2024-08-26 at 19.50.38_f2696105 (1)
केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात करते सुदेश महतो

हाल में ही संपन्न लोकसभा चुनाव में भी आजसू भाजपा की सहयोगी पार्टी के रूप में मैदान में उतरी थी। सीट शेयरिंग में उसे 14 में से गिरिडीह की एक सीट मिली थी, जिस पर उसके प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चौधरी ने जीत दर्ज की थी। आजसू पार्टी ज्यादातर समय भाजपा के साथ रही है, लेकिन वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में सीट शेयरिंग के सवाल पर दोनों पार्टियों की दोस्ती में दरार पड़ गई थी और आजसू पार्टी ने अकेले चुनाव लड़ते हुए 53 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए थे। गठबंधन टूटने की वजह से चुनाव में दोनों पार्टियों को नुकसान झेलना पड़ा था। 

साल 2019 में भाजपा के राज्य में सत्ता गंवाने के पीछे गठबंधन में यह बिखराव प्रमुख कारण के तौर पर सामने आया था। इस चुनाव में भाजपा को करीब 33.37 प्रतिशत और आजसू पार्टी को 8.43 प्रतिशत वोट हासिल हुए थे। इन दोनों पार्टियों के मतों को मिला दें तो यह करीब 42 फीसदी होता है, जबकि उनकी तुलना में चुनाव जीतकर सरकार बनाने वाले झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन को 40.7 फीसदी मत मिले थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More