धनबाद विधानसभा चुनाव 2024: फिर से अखाड़े में अनुपमा सिंह!

रांची: जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो रही है, सियासी पार्टियों के लिए टिकट के दावेदारों से निपटना मुश्किल होता जा रहा है. यदि टिकट मिला तो बल्ले-बल्ले, पार्टी की नीतियों की प्रशंसा और यदि फिसला तो फिर मोटा-माल लेकर टिकट  बिक्री का सनसनीखेज आरोप और निर्दलीय ताल ठोंकने की चेतावनी. कुछ यही हालात धनबाद विधानसभा को लेकर कांग्रेस के अंदर भी है.  जैसे ही  सियासी अखाड़े में कूदने की चाहत रखने वाले कार्यकर्ताओं से बायोडाटा मांगा गया. एक से बढ़कर एक सूरमा सामने आने लगे.कुछ चेहरे तो ऐसे भी जिन्हे अपने पंचायत से भी चुनाव जीतने पर संदेह है. लेकिन इन तमाम नामों के बीच सियासी गलियारों में एक नाम फिर से तेजी से सामने आ रहा है, वह नाम है लोकसभा चुनाव में ढुल्लू महतो क हाथों सियासी शिकस्त खा चुकी अनुपमा सिंह का. दावा किया जा रहा है कि लोकसभा चुनाव में मिली हार के बावजूद अनुपमा सिंह मैदान छोडऩे को तैयार नहीं हैं और अभी भी पूरे दमखम के साथ धनबाद में अपनी सक्रियता को बनाये हुए हैं. अब यदि अनुपमा सिंह एक बार फिर मैदान में उतरती हैं, तो इस संघर्ष को देखना बेहद ही दिलचस्प होगा.  

दादा बीपी सिन्हा के विरासत को संभालने की तैयारी में बैभव सिन्हा

 

धनबाद विधानसभा चुनाव 2024: फिर से अखाड़े में अनुपमा सिंह! भाजपा की राह आसान या “पंजा” करेगा कमाल
वैभव सिन्हा (फाइल फोटो)

 

लेकिन, यदि हम दूसरे चेहरों की बात करें तो एक नाम वैभव सिन्हा का भी है, बैभव सिन्हा कोयलाचंल की सियासत में मजदूर नेता के रुप में चर्चित वीपी सिन्हा के पोते हैं,  हालांकि विरोधियों के द्वारा वीपी सिन्हा को कोयलाचंल का पहला माफिया डॉन बताने की कोशिश भी की जाती है. बावजूद इसके वीपी सिन्हा का मजदूर यूनियन में मजबूत दखल था. वर्ष 1965 से 1975 तक वह धनबाद से एमएलसी भी थें, लेकिन वर्ष 1978 में उनकी की हत्या कर दी गयी थी. वैभव सिन्हा धनबाद की सियासत में अपना दादा के उस विरासत को आगे बढ़ाने को इच्छूक हैं. काफी अर्से से असंगठित मजदूरों के बीच काम भी कर रहे हैं. इस बार विधानसभा पहुंचने की चाहत रखते हैं.

शिक्षा जगत के बाद सियासी पारी खेलने की चाहत में रवि चौधरी 

एक तीसरा नाम रवि चौधरी का है, केके ग्रुप के चेयरमैन रवि चौधरी एक सफल व्यवसायी हैं, बिहार झारखंड में कई कॉलेजों के कर्ताधर्ता है. रवि चौधरी काफी अर्से से सियासत की दुनिया में भी हाथ पैर मारने की कोशिश करते रहे हैं, लोकसभा चुनाव से लेकर विधान सभा चुनाव तक नाम उछलता रहता है, जहां तक धनबाद की सियासत में जमीनी पकड़ का सवाल है तो इस मोर्चे पर कुछ कमजोर नजर आते हैं. हालांकि भाजपा के साथ भी इनका बेहतर रिश्ता बताया जाता है, आर्थिक रुप से सम्पन्न होने की अर्हता भी पूरी करते हैं. 

अभिषेक सिंह उर्फ गुड्डू का जंगे मैदान में कूदने की चर्चा तेज

 

धनबाद विधानसभा चुनाव 2024: फिर से अखाड़े में अनुपमा सिंह! भाजपा की राह आसान या “पंजा” करेगा कमाल
अभिषेक सिंह उर्फ गुड्डू ( फाइल फोटो)

 

लेकिन इस बीच झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह की देवर अभिषेक सिंह उर्फ गुड्डू का भी नाम जोर पकड़ने लगा है. हालांकि अपने देवर की इस दावेदारी पर अब तक भाभी पूर्णिमा नीरज सिंह की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं है, लेकिन सूत्रों का दावा है कि पिछले लोकसभा चुनाव के वक्त भी गुड्डू सिंह को चुनाव लड़ने का ऑफर दिया गया था. लेकिन तब रघुकुल परिवार की ओर से लोकसभा चुनाव से दूर रहने की बात कही गई थी, लेकिन इस बार धनबाद से मोर्चे पर उतारा जा सकता है. यानि भाभी झरिया में मुकाबले में होगी तो देवर धनबाद में अपना जोरआजमाईश करता नजर आयेगा. 

क्या राज सिन्हा की तीसरी पारी पर लगने वाला है विराम? 

आपको बता दें कि आज भले ही धनबाद को भाजपा को गढ़ माना जाता है, लेकिन इस सीट पर कांग्रेस की मजबूत पकड़ रही है. वर्ष 2009 में इसी धनबाद विधानसभा से मन्नान मलिक के हाथों राज सिन्हा को हार का स्वाद चखना पड़ा था, हालांकि तब भी मन्नान मलिक और राज सिन्हा के बीच कोई बड़ा अंतर नहीं था, जहां 55,641 के साथ जीत मिली थी, वहीं राज सिन्हा को 54751 वोट के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था. जबकि निर्दलीय अखाड़े में कूदने वाले नीरज सिंह के हाथ 11 फीसदी वोट आया था. दावा किया जाता है कि यदि उस बार भी नीरज सिंह ने भाजपा के अपर कास्ट वोटों में सेंधमारी नहीं की होती तो मन्नान मलिक के सामने मुश्किल खड़ी हो सकती थी. वर्ष 2014 में भाजपा ने फिर एक बार से राज स़िन्हा पर दांव लगाया और 132,09 के साथ राज सिन्हा ने  यह सीट भाजपा के नाम कर दिया, जबकि मन्नान मलिक को 79,094 के साथ दूसरे स्थान पर सिमटना पड़ा, वर्ष 2019 में राज सिन्हा को एक बार फिर से जीत मिली, लेकिन वोट फीसदी में गिरावट देखने को मिला. वर्ष 2014 में जहां 58 फीसदी मतदाताओं का साथ मिला था, वर्ष 2019 आते आते वह गिरते हुए 52 फीसदी तक पहुंच गया. और यही कारण है कि इस बात की चर्चा तेज है कि भाजपा अपना चेहरा बदल सकती है.

सही चेहरे पर दांव से खुल सकता है कांग्रेस की किस्मत

हालांकि राज सिन्हा इस सबके बावजूद अपनी सीट को लेकर बेहद आशान्वित नजर आ रहे हैं, उनके निकटवर्ती सूत्रों का दावा कि य़शवंत सिन्हा का साथ छोड़ने और जयंत सिन्हा को हजारीबाग से बेटिकट किये जाने के बाद राज सिन्हा भाजपा में कायस्थ जाति का एकलौता चेहरा हैं. इस हालत  में राज सिन्हा को बेटिकट करने से पहले पार्टी को कायस्थ मतदाताओं की चाहत का भी ख्याल रखना होगा. लेकिन यदि मोदी युग के भाजपा के फैसले पर नजर डालें, तो कई बार बेहद चौंकने वाला फैसला सामने आता है. ढुल्लू महतो की उम्मीदवारी भी कुछ इसी अंदाज में था. पार्टी का वह दांव भी कामयाब रहा, इस हालत में राज सिन्हा को लेकर जिस तरह विवाद की स्थिति बनती नजर आ रही है, और लोकसभा चुनाव के दौरान राज सिन्हा की ओर से पैंतरेबाजी दिखाने की कोशिश हुई है, यदि राज सिन्हा के बदले भाजपा किसी और चेहरे पर भी दांव लगाने का फैसला करे तो यह अचरज की बात नहीं होगी. लेकिन यदि इस बार भी भाजपा राज सिन्हा पर ही दांव लगाने का फैसला करती है. और कांग्रेस की ओर से कोई मजबूत लेकिन स्थानीय चेहरा को मैदान में उतारा जाता है, तो बात बन भी सकती है. क्योंकि हालिया दिनों में धनबाद के अंदर राज सिन्हा की लोकप्रियता का ग्राफ भी काफी गिरा है. और राज  सिन्हा को उम्मीदवार बनाये जाने की स्थिति में भाजपा का एक हिस्सा इस बार कमल का साथ छोड़ भी सकता है, खबर तो यह भी है कि टिकट नहीं मिलने की स्थिति में इस बार चन्द्रशेखर अग्रवाल निर्दलीय ताल भी ठोक सकते हैं, यदि ऐसा होता है तो यह कांग्रेस के लिए एक सुनहरा अवसर हो सकता है, बशर्ते कि वह लोकसभा चुनाव से सबक लेते हुए सामाजिक समीकरणों के अनुरुप चेहरा लाया जाये, नहीं तो लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा चुनाव में सियासी शिकस्त का सामना करना पड़ सकता है. खासकर यदि भाजपा राज सिन्हा को बेटिकट कर किसी पिछड़े चेहरे पर दांव लगाने का फैसला करती है तो एक बार फिर से ढुल्लू महतो की कोशिश इस लडाई को अगड़ा बनाम पिछड़ा और स्थानीय बनाम बाहरी बनाने की हो सकती है. जिसका नुकसान कांग्रेस को झेलना पड़ सकता है. 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More