उत्तरी छोटानागपुर की 28 विधानसभा सीटें तय करेगी हेमंत सोरेन की सत्ता में वापसी का सपना

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बीते शनिवार को जब झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के सात जिलों के लगभग 13.94 लाख महिला लाभुकों के खाते में डीबीटी के माध्यम से 139 करोड़ की राशि भेजी तो मुख्यमंत्री ने इस योजना के जरिए झारखंड सरकार की प्रतिबद्धता नारी सशक्तिकरण की जताई है। उन्होंने कहा कि राज्य का कोई ऐसा घर नहीं होगा, जहां राज्य सरकार की कोई ना कोई योजनाएं नहीं पहुंच रही है। सरकार का प्रयास राज्यवासियों की आर्थिक सामर्थ्य और समृद्धि बढ़ाना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक, गरीब, किसान- मजदूर, बुजुर्ग, दिव्यांग, महिला और युवाओं को सशक्त बनाने के संकल्प के साथ सरकार कार्य कर रही है।
सम्मान योजना के बहाने नजर 28 सीटों पर
झारखंड में जल्दी ही विधानसभा चुनाव होने हैं ऐसे में सीएम के दावों और रणनीतियों को लेकर राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के बहाने मुख्यमंत्री दरअसल राज्य की महिला वोटरों को अपने पक्ष में करना चाहते हैं क्योंकि उत्तरी छोटानागपुर के 7 जिलों धनबाद, बोकारो, कोडरमा, गिरिडीह, चतरा, रामगढ़ और हजारीबाग में विधानसभा की 28 सीटें हैं और इन सीटों में वर्तमान में इंडिया गठबंधन के पास केवल 12 सीटें ही है जबकि भाजपा गठबंधन के पास 16 सीटें हैं यानी एनडीए गठबंधन के पास मौजूदा 30 सीटों में आधे से ज्यादा सीटें केवल उत्तरी छोटानागपुर से ही हैं।

हेमंत सरकार के लिए चुनौती यहां बेहतर प्रदर्शन करने और ज्यादा से ज्यादा सीटों को अपने पक्ष में करने की है क्योंकि बीते लोकसभा चुनाव में इन 28 सीटों पर प्रदर्शन को देखें तो इंडिया गठबंधन को केवल 2 सीटों पर ही बढ़त मिल पाई थी। ऐसें में कहा जा सकता है कि हेमंत सोरेन की नजर महिला वोटरों के सहारे यहां की विधानसभा सीटों पर बढ़त बनाते हुए गठबंधन को जीत दिलाने और सत्ता में वापसी सुनिश्चित कराने की होगी।
लोकसभा चुनाव परिणाम निराशाजनक
2024 के लोकसभा चुनाव परिणाम का यदि विधानसभा वार विश्लेषण किया जाए तो उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में आने वाली 28 सीटों में भाजपा ने 24 सीटों पर बढ़त बनाई थी तो वहीं कांग्रेस केवल मनिका सीट और जेएमएम को केवल टुंडी सीट पर ही बढ़त मिल सकी जबकि युवा छात्र नेता टाइगर जयराम महतो ने गोमिया और डुमरी विधानसभा क्षेत्रों में अपनी बढ़त बनाई। भाजपा को जिन 24 सीटों पर बढ़त मिली थी, उसमें से 19 सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों को एक लाख से अधिक वोट मिले थे यानि प्रतिद्वंदी उम्मीदवारों से वोटों का अंतर 30 हजार से लेकर 75 हजार वोटों का रहा। जबकि जेएमएम को टुंडी में केवल एक हजार वोटों की और कांग्रेस को मनिका में केवल 1546 वोटों की बढ़त ही मिल सकी।
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि झारखंड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल की लगभग 14 लाख महिलाओं को अभी इसके दायरे में लाया गया है जबकि चुनाव आते आते यह आंकड़ा और भी बढ़ सकता है वहीं 50 साल से अधिक उम्र वाली वृद्धा पेंशन के दायरे में भी 5 से 6 लाख महिलाएं हो सकती हैं ऐसे में इन 20 से 22 लाख महिला वोटरों के सहारे विधानसभा चुनाव को अपने पक्ष में करने का दांव जो हेमंत सोरेन ने चला है, वह बहुत बड़ा है ताकि इसके सही निशाने पर लगने से ही सत्ता में वापसी की राह आसान होगी।
जयराम महतो फैक्टर
इंडिया गठबंधन के लिए उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में इस बार बेहतर प्रदर्शन कर पाना इसलिए भी टेढ़ी खीर साबित हो सकती है क्योंकि 1932 खतियान के सहारे भाषायी आंदोलन खड़ा करके युवा छात्र नेता जयराम महतो ने अपनी पहचान नए कुर्मी नेता के रूप में स्थापित कर ली है और बीते लोकसभा चुनाव में गिरिडीह. हजारीबाग और रांची समेत कुल 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए जिसमें गिरिडीह में जयराम महतो को साढ़े तीन लाख वोट मिले तो वहीं हजारीबाग और रांची में भी उनके उम्मीदवारों को एक-एक लाख से ज्यादा वोट मिले। ऐसे में उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के कुर्मी बहुल इलाकों में उनके उम्मीदवारों के बेहतर प्रदर्शन किए जाने की संभावना जताई जा रही है। जयराम महतो ने झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नाम से नया राजनीतिक दल भी चुनाव आयोग से निबंधित कराया है और आयोग ने इस नई नवेली पार्टी को कैंची चुनाव चिह्न आवंटित किया है।
2019 का विधानसभा चुनाव परिणाम
2019 में हुए विधानसभा चुनाव में सत्ता विरोधी लहर होने के बावजूद भी भाजपा उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल की 28 सीटों से 16 को अपने पक्ष में करने में कामयाब रही थी तो वहीं विपक्ष में रहते हुए भी हेमंत सोरेन भाजपा से उसके इस गढ़ को छीन पाने में कामयाब नहीं रहे थे क्योंकि यहां सामान्य वर्ग की सीटें( 21) अधिक है और वहां भाजपा का ज्यादा प्रभाव माना जाता है। यानी हेमंत सोरेन के पक्ष में सामान्य वर्ग के वोटरों का झुकाव कम होने का खामियाजा गठबंधन को उठाना पड़ा था। इसके अलावा एससी यानी अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित 6 सीटों में भी बीजेपी के खाते में 4 और जेएमएम को 2 सीटें मिली थी जबकि एक अन्य मनिका सीट एसटी के लिए आरक्षित थी जहां कांग्रेस को सफलता मिली थी।

आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की चुनौती यह भी है कि सहयोगी कांग्रेस ने ठीक चुनाव के पहले बीते दिनों पूर्व विधायक व कुर्मी नेता केशव महतो कमलेश को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया है और उनकी पकड़ कुर्मी बहुल उत्तरी छोटनागपुर प्रमंडल की सीटों पर कितनी है, इसका आकलन होना अभी शेष है साथ ही वह जयराम महतो फैक्टर को कितना कमजोर कर पाएंगे, यह भी विधानसभा चुनाव परिणाम ही तय करेगा। ऐसे में कांग्रेस की नैया को पार लगाने का पूरा दारोमदार भी हेमंत सोरेन पर ही है।
