अब झारखंड में सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के बच्चों को भी मिलेगा यूनिफॉर्म और स्कूल बैग

रांची: झारखंड सरकार द्वारा सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को अब राज्य सरकार स्कूल किट में यूनिफॉर्म और स्कूल बैग भी देगी. अभी तक इन स्कूलों के बच्चों को स्कूल किट में कॉपी-किताब ही दी जाती है. वहीं, बच्चों को दो सेट ड्रेस, स्वेटर, जूते और मोजे दिए जाते हैं. इसके लिए सरकार बच्चों के बैंक खाते में पैसे भेजती है.
अब झारखंड के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के साथ-साथ सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को भी यूनिफॉर्म और स्कूल बैग समेत अन्य योजनाओं का लाभ मिलेगा. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार कर लिया है. इस प्रस्ताव को जल्द ही विभागीय मंत्री के पास भेजा जाएगा. उनकी सहमति के बाद इसे वित्त विभाग और फिर कैबिनेट के पास भेजा जाएगा.
