5 लाख नौकरी का वादा करने वाली सरकार युवाओं पर लाठियां बरसा रही: सुदेश महतो
रांची: जेएमएम की राजनीति का उद्देश्य विकास नहीं तुष्टिकरण रहा है। इन्होंने समाज के हर वर्ग को बांट कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेकी है पर किसी भी वर्ग के हित के लिए कभी भी कुछ नहीं किया। सोरेन परिवार पिछले 40 साल से सक्रिय राजनीति में है लेकिन इन्होंने सिर्फ अपना और अपने परिवार के विकास को महत्व दिया है राज्य के विकास को नहीं। छल जेएमएम के आचरण में है। आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने चाकुलिया प्रखंड के मैदान में आयोजित में बहरागोड़ा विधानसभा स्तरीय चूल्हा प्रमुख सम्मलेन सह शपथ ग्रहण समारोह में यह बातें कही।
उन्होंने कहा सरकार ने अपने भाषण में युवाओं को 5 लाख नौकरी, नौकरी न मिलने पर स्नातक पास को 5 और पोस्ट ग्रेजुएट को 7 हजार रुपए सालाना बेरोजगारी भत्ता देने की घोषणा की थी। लेकिन जब शासन की बात आई तो इन्होंने युवाओं पर अपने पांच साल के कार्यकाल में कई बार लाठियां बरसाई है। सभी चूल्हा प्रमुखों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि झूठ की बुनियाद पर बनी इस सरकार को सत्ता से हटाने और राज्य में बेहतर नेतृत्व स्थापित करने की दिशा में कार्य करें चूल्हा प्रमुख। आजसू पार्टी हर समाज को समझती है हम जनता के दर्द के साथ है।
.jpg)
उन्होंने कहा कि यह पहली सरकार है जो उधारी में चल रही है। पांच वर्ष पहले इन्होंने हर परिवार को 72 हजार रुपए देने का वादा किया था यह वादा तो पूरा हुआ नहीं अब सरकार चुनाव नजदीक आता देख जनता को एक लाख रुपए देने का वादा कर रही है। सत्ता के लिए यह सरकार भत्ता भी दे सकती है लेकिन सरकार को अब यह समझना होगा कि इन झूठे वादों से जनता भ्रमित होने वाली नहीं है। इस सरकार में गरीब का सुनने वाला नहीं है। अबुआ आवास जरूरतमंदों की जगह पैसे वालों को दिए जा रहे हैं।
इस मौके पर पार्टी के केंद्रीय प्रधान महासचिव राम चंद्र सहिस ने कहा कि हमारी पार्टी गरीबों, शोषितों और वंचितों की पार्टी है। पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो के नेतृत्व में हम सभी को मिलकर राज्य और राज्यवासियों के विकास के लिए कार्य करना है। आज झारखंडी जनता इस सरकार से निराश है। झारखंड की खोई अस्मिता को वापस लाने में सभी चूल्हा प्रमुखों की भूमिका अहम है। हम हर एक झारखंडवासियों की लड़ाई लड़ेंगे। संगठनिक मजबूती ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और इस ताकत से हम बदलाव लाएंगे।
बहरागोड़ा और पोटका में प्रधान महासचिव रामचंद्र सहिस, महासचिव हरेलाल महतो, सत्यनरायण महतो, रविशंकर मौर्य, फनी भूषण महतो, सपन सिंह देव, जमशेदपुर जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, सचिन महतो, डोमन टुडू, चुंका मार्डी, बुल्लू रानी सिंह सरदार, लक्ष्मी कुमारी, चन्द्रगुप्त सिंह इत्यादि मुख्य रूप से शामिल हुए।
बायोडाटा संग्रह अभियान के लिए वेबसाइट लांच
राज्य में बेरोजगार युवाओं को समर्थन देने के लिए आजसू पार्टी ने बायोडाटा संग्रह अभियान की शुरूआत की है। इसके लिए पार्टी ने एक वेबसाइट लॉन्च किया है, जो “www.biodataabhiyaan.in” के नाम से उपलब्ध है। इस वेबसाइट के माध्यम से राज्यभर के बेरोजगार युवा अपनी जानकारी भरकर अपना बायोडाटा ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। पार्टी ने प्रेस रिलीज जारी कर कहा कि राज्य में बेरोजगारी की समस्या गंभीर हो गई है और राज्य सरकार की ओर से इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। भ्रष्टाचार, धांधली और अनियमितताओं की वजह से लगातार युवाओं के अवसर छिन रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए पार्टी ने एक वेबसाइट लांच की है और बायोडाटा संग्रह अभियान की शुरुआत की है।
जारी प्रेस रिलीज के मुताबिक इस पहल के तहत, बेरोजगार युवा अपनी योग्यताओं और अनुभव की जानकारी वेबसाइट पर दे सकते हैं और बेरोजगारी के खिलाफ इस विशेष मुहिम का हिस्सा बन सकते हैं। ऑनलाइन के अलावा, बेरोजगार युवा अपने बायोडाटा को पार्टी कार्यकर्ताओं के पास भी जमा कर सकते हैं। इसके लिए पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर बेरोजगार युवाओं का बायोडाटा संग्रह कर रहे हैं।
