राज्य सरकार का ट्रैक रिकॉर्ड पूरी तरफ फेल, जनता जान चुकी: बाबूलाल मरांडी

रांची: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि राज्य सरकार बड़ी-बड़ी बातें और घोषणा करती है परंतु उनका ट्रैक रिकॉर्ड पूरी तरफ फेल है। सर्वजन पेंशन योजना का ही हाल आप सब देख लीजिए। मेरे गृह प्रखंड के बेलवाना पंचायत के सिरसिया गांव की महिलाओं को ही वृद्धा और विधवा पेंशन नहीं मिला है। जबकि इन्होंने फॉर्म भी भरा, इनके साथ ठगी भी हुई लेकिन पेंशन नहीं मिला। यह तो एक उदाहरण भर है पूरे प्रदेश में सभी योजनाओं की कमोबेश यही स्थिति है।

हेमंत सरकार आज जो घोषणा कर रही है उसे पर जनता कतई विश्वास करने वाली नहीं है। नई घोषणाएं फिर से लोगों को ठगने का एक प्रयास है। साथ ही अखबारों में सुर्खियां पाने के लिए ऐसा कर रहे हैं। साढ़े चार वर्षों में एक भी घोषणा पूरी नहीं हुई। जनता सारी बात को समझ चुकी है। जनता मन में ठान चुकी है कि हेमंत सोरेन को भगाना है बीजेपी को लाना है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड की जनता की आवाज बनने का पार्टी का प्रयास है। पिछले साढ़े चार वर्षों में, राज्य की जनता ने विकास के नाम पर सिर्फ वादे सुने हैं, लेकिन धरातल पर कुछ नहीं बदला। भारतीय जनता पार्टी उन्हीं ज्वलंत मुद्दों को उठा रही है, जो हर झारखंडवासी के मन में हैं। इस कांग्रेस नेतृत्व वाली झामुमो सरकार ने वादे करने और फिर झारखंड की जनता के साथ खो-खो खेलकर भागने में एक नया कीर्तिमान स्थापिन किया है। ये सरकार सिर्फ खोखले वादे करने में माहिर है, और जनता को हर ठगा हुआ महसूस होता है।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झामुमो-कांग्रेस के ठगबंधन की दगाबाजी की कहानी कोई नई नहीं है। चुनाव खत्म होते ही अपने वादों से मुकर जाने का इनका पुराना इतिहास रहा है। कर्नाटक में कांग्रेस अपनी गलतियों और वादाखिलाफी की सजा भुगत रही है। कांग्रेस की फरेबी सरकार ने कर्नाटक में गृह लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को हर महीने ₹2,000 देने का झूठा सपना दिखाया, लेकिन मई 2024 के बाद से एक भी महिला को एक पैसा तक नहीं मिला। यही नहीं, महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा देने का वादा भी किया, लेकिन इस झूठी सरकार ने बसों की संख्या बढ़ाने की जगह घटाकर अपनी धोखाधड़ी की नई मिसाल पेश की है। क्या ऐसे धोखेबाजों पर भरोसा किया जा सकता है?

उन्होंने कहा कि इसी तरह कर्नाटक में युवाओं को भी बेरोजगारी के जाल से निकालने के बजाय सिर्फ झूठे वादों और मामूली राहत से बहलाने की कोशिश करती आ रही है। न सिर्फ कर्नाटक में, बल्कि अन्य कांग्रेस शासित राज्य जैसे हिमाचल प्रदेश में भी कांग्रेस द्वारा महिलाओं के लिए शुरू की गयी ₹1,500 प्रतिमाह की वित्तीय सहायता योजना भी पूरी तरह से विफल रहा है। वहीं तेलंगाना की महालक्ष्मी योजना जिसके अंतर्गत महिलाओं को प्रतिमाह ₹2,500 देने का वादा किया गया था, वह भी अब तक लागू नहीं किया गया है।

मिला क्या की पृष्ठभूमि 2019 चुनाव से पूर्व हुई तैयार

नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने झामुमो के झूठ के पिटारे की एक एक कर कलई खोली। उन्होंने कहा कि मिला क्या की पृष्ठभूमि 2019 के चुनाव से पूर्व तैयार हुई। गठबंधन के लोग चुनाव में जाने से पूर्व राज्य की जनता से कई वादे करते हैं। उनके झूठे वादों पर जनता विश्वास कर लेती है और गठबंधन की सरकार बन जाती है परंतु साढ़े चार वर्षों में जनता को कुछ हासिल नहीं हुआ। जब झूठे वादों की तरफ इनका विधानसभा में ध्यान आकर्षित कराया जाता है तो 18 विधायकों को निलंबित कर दिया जाता है और एक-दो दिन पूर्व 23 अगस्त को सवाल राज्य के युवा इस जनविरोधी सरकार से पूछते हैं तो फिर उनके साथ क्या होता है यह पूरे राज्य की जनता ने देखा है। 

GV0F2fuXEAAiPTe
मन की बात कार्यक्रम को सुनते नेता प्रतिपक्ष व अन्य

आमर बाउरी ने कहा कि जेएमएम ने कुल 400 घोषणा किया था। हम उनमें से कुछ प्रमुख वादों को ही आप लोगों के समक्ष रखते हैं। चाहे युवा हो, महिला हो किसान हो, गरीब हों, हर एक वर्ग को इस सरकार ने ठगने का काम किया है। युवाओं की संवेदनाओं को जगा कर वादा किया गया कि हर साल 5 लाख नौकरी, नौकरी नहीं तो 5000 से 7000 तक बेरोजगारी भत्ता और बेरोजगारी भत्ता नहीं तो राजनीति से सन्यास। इसी प्रकार के वादे महिलाओं के साथ किए गए की ₹50000 तक बिना गारंटी ऋण दिया जाएगा, ₹2000 प्रति माह चूल्हा भत्ता दिया जाएगा। अभी ₹1000 देकर उन्हें लॉलीपॉप दिया जा रहा है यह भी एक ठगने का ही योजना है।बेटियों की शादी के बाद उन्हें सोने के सिक्के देने का वादा किया गया था।

किसानों से सभी प्रखंडों में कोल्ड स्टोरेज देने के लिए वादा किया गया था सभी गरीब परिवार को सालाना 72000 देने का वादा किया गया था। अब फिर एक बार यह कहा जा रहा है कि फिर सरकार आई तो ₹100000 सालाना देंगे। इस सरकार के झूठ के आगे झूठ और नटवरलाल भी शर्मा जाए। गरीब विधवाओं को ₹2500 पेंशन देने का वादा किया गया था। प्रशासनिक दृष्टिकोण से पलामू, चाईबासा, हजारीबाग को उप राजधानी बनाने का वादा किया गया था। अनुबंध कर्मी शब्द ही डिक्शनरी से हटाने का इन्होंने वादा किया था। परीक्षा में धांधली किसी से छुपा नहीं है। पेपर लीक आम बात है, हर परीक्षा में धांधली हुई।

आंदोलनकारियों को भी ठगने का काम किया गया। आज सभी वर्ग के लोग हेमंत सोरेन सरकार से जवाब मांग रहे हैं। साथ ही झारखंड की जनता बोल रही है कि मुझे तो नहीं मिला, आपको “मिला क्या” ? यह सरकार विकास के नाम पर सिर्फ जुमलेबाजी कर रही है। यह कांग्रेस नेतृत्व वाली झामुमो सरकार, मुख्यमंत्री मैया सम्मान योजना लेकर आई है, जिसमें झारखंड की हर महिला को ₹1000 रुपये देने का वादा किया गया है। झारखंड की महिलाएं बहुत स्वाभिमानी हैं और वे अपने सम्मान का मजाक बनाए जाने को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगी। यह सरकार महिलाओं की आकांक्षाओं को समझने में पूरी तरह विफल रही है। झारखंड की महिलाएँ भीख नहीं, अधिकार मांगती हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More