प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं अध्यक्ष ने की विधायक दल की बैठक

रांची: कांग्रेस विधायक दल की बैठक रविवार को परिसदन भवन में संपन्न हुई. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश उपस्थित थे. बैठक की अध्यक्षता विधायक दल नेता डॉ रामेश्वर उरांव ने की. बैठक में विधायकों को निर्देश देते हुए गुलाम अहमद मीर ने कहा कि 5 वर्षों तक जनहित में किए गए कार्यों को जनता के बीच ले जाने का समय आ गया है. पूरी मजबूती के साथ अपनी बातों को आवाम के साथ सामने रखना होगा. जनता की जरूरत के अनुसार भविष्य की नीति निर्धारित करनी होगी. कांग्रेस द्वारा घोषणा पत्र के अनुसार किए गए कार्यों का प्रचारित प्रसारित करना होगा. जिसकी जितनी भागीदारी उसकी उतनी हिस्सेदारी को जन्मदाता बनाना है ताकि जनता अपने अधिकारों की लड़ाई में आगे जाकर सहभागी बने. जिसका जो हक है उसे मिलना चाहिए. झारखंड में चल रही कल्याणकारी योजनाओं को लोगों के बीच रखें ताकि उनके बीच कोई भ्रम ना रहे अपने-अपने क्षेत्र में चुनावी रुपरेखा तैयार करें बुथ स्तर तक अभी से ही पहुंचने का प्रयास करें. वरीय कांग्रेसियों से जुड़ने का सशक्त माध्यम बनाएं.

संबल की कमी के कारण विपक्ष हताश है: केशव महतो कमलेश 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि महागठबंधन सरकार द्वारा किए गए कार्य झारखंड के विकास के इतिहास में मिल का पत्थर साबित होगा. विधायकों का दायित्व है कि सिर्फ अपने क्षेत्र में ही नहीं बल्कि नजदीकी विधानसभा क्षेत्र में भी महागठबंधन के उम्मीदवारों के लिए सक्रिय रहे. अभी से ही महागठबंधन दलों, नेताओं, कार्यकर्ताओं से संपर्क स्थापित कर चुनावी रणनीति पर काम करें. विपक्ष क्षेत्रवार मुद्दे बदलकर चुनावी दिशा में मोड़ना चाहती है. हमारा ध्यान विपक्ष के सांप्रदायिक मानसिकता से जनता को बचाना है. संबल की कमी के कारण विपक्ष हताश है. धन कुबेरों का साथ लेकर वह मानसिकता की राजनीतिक कर झारखंड की सत्ता पर काबिज होना चाहता है. महागठबंधन सरकार की उपलब्धियों को देखकर उनके पास घोषणाओं और मुद्दों की कमी हो गई है. झारखंड में संवेदनशील परिस्थितियों को उत्पन्न करने का प्रयास हो रहा है. चुनाव के समय ऐसी ताकतों का प्रयोग विपक्ष हर जगह करता है. उनके द्वारा समाज के ध्रुवीकरण के प्रयास को सफल करना है. उनकी हर गतिविधि पर नजर रखना है.

जनता के भरोसे पर हमने खरा उतरने का प्रयास किया: डॉ. रामेश्वर उरांव

बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक दल नेता डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि जनता ने जिस भरोसे और विश्वास पर हमें सत्ता सौंप थी उस पर हमने खरा उतरने का प्रयास किया. जरूरत के अनुसार सरकार ने नीतियां बनाई और उसका भली भांति क्रियान्वयन किया. खाली खजाने के साथ हमने सरकार का गठन किया था. कोविड जैसी महामारी महागठबंधन सरकार के कार्यकाल में आई लेकिन इच्छा शक्ति और जनता के सहयोग से सरकार विपरीत परिस्थितियों रहते हुए भी अपना कार्यकाल पूरा कर रही है. कांग्रेस नेतृत्व के दिशा निर्देशों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र से लेकर राज्य स्तर तक आधारभूत संरचनाओं के निर्माण और विकास में कई अहम कार्य किए गए.

ये रहे मौजूद 

बैठक में मंत्री बन्ना गुप्ता, डॉ. इरफान अंसारी, प्रदीप यादव, बादल पत्रलेख, उमाशंकर अकेला, कुमार जयमंगल, नमन विक्सल कोंगारी, सोना राम सिंकू, रामचन्द्र सिंह, राजेश कच्छप, भूषण बाड़ा, शिल्पी नेहा तिर्की, कालीचरण मुण्डा शामिल थे. 

 

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More