रांची में चिराग पासवान ने की बैठक, एनडीए के तहत चुनाव लड़ने का दिया संकेत, अकेले लड़ने पर 28 सीटों पर तैयारी 

रांची: झारखंड में चुनाव होने वाले हैं तो नेताओं और पार्टियों की आवाजाही यहां बढ़ गई है, इस महीने के शुरू में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी अवामी मोर्चा यानी हम ने झारखंड में अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की थी तो आज बारी एक और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी ( रामविलास) की रही. रांची में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई. चिराग पासवान फिर से पार्टी के अध्यक्ष चुने गए तो लगे हाथ उन्होंने एलान कर दिया कि झारखंड में यदि पार्टी का गठबंधन नहीं हुआ तो वह अकेले राज्य की 28 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. 

चिराग फिर चुने गए पार्टी अध्यक्ष

रविवार को रांची में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हुई. बैठक में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान को एक बार फिर से पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया. कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी के सभी 5 सांसद भी मौजूद थे. बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि पार्टी को चिराग पासवान के कुशल नेतृत्व पर पूर्ण भरोसा है. पार्टी उनके मार्गदर्शन में एक नई ऊंचाई हासिल करेगी. अध्यक्ष चुने जाने के बाद चिराग पासवान ने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का दिल से आभार प्रकट करते हुए विश्वास दिलाया कि वो पार्टी संस्थापक पद्म विभूषण रामविलास पासवान के सपनों की पार्टी बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे. 

GV0mb5lWAAAlzWQ
लोजपा (रामविलास) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक

चिराग पासवान ने कहा कि आने वाले दिनों में होने वाले विधानसभा चुनावों में, जिसमें झारखण्ड भी शामिल है.स्थानीय प्रदेश इकाई को जिम्मेदारी दी गई है कि चुनाव अकेले लड़ना है या गठबंधन के सहारे, इसका अंतिम फैसला पूरी तरह झारखण्ड या संबंधित राज्य की टीम पर छोड़ दिया गया है. चिराग पासवान ने कहा कि उनकी पार्टी झारखंड में चुनाव जरूर लड़ेगी. पार्टी की मजबूत स्थिति का आकलन किया जा रहा है, जल्द ही इसकी घोषणा होगी. उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी झारखंड में यदि अकेले लड़ती है तो 28 सीटों पर चुनाव लड़ने की पार्टी की तैयारी है. चिराग पासवान ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार के खिलाफ जनता में आक्रोश है और आगामी चुनाव में राज्य में एनडीए की सरकार बनेगी और लोजपा उसका हिस्सा होगा. 

झारखंड एनडीए में एक अनार सौ बीमार 

चिराग पासवान झारखंड में चुनाव एनडीए गठबंधन के तहत लड़ना चाहते हैं और इसके लिए उन्होंने पिछले चुनाव का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी को गठबंधन में शिकारीपाड़ा की सीट मिली थी। चिराग पासवान की दावेदारी ने झारखंड एनडीए के लिए नया संकट पैदा कर दिया है क्योंकि वर्तमान में झारखंड एनडीए में बीजेपी के अलावा आजसू पार्टी शामिल है जबकि लाइन में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड के अलावा केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवामी मोर्चा और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) है। 

GVzYM73XcAAxYPp
एयरपोर्ट पहुंचने पर पत्रकारों से बात करते चिराग पासवान

इसके अलावा झारखंड प्रदेश भाजपा के चुनाव सह प्रभारी और असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा झारखंड के युवा नेता और कुर्मी वोटों के नए दावेदार के रूप में उभरे टाइगर जयराम महतो के साथ चाय पीना चाहते हैं. तो वहीं जेएमएम से नाराज चल रहे झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन भी नई पार्टी बनाकर गठबंधन कर चुनाव लड़ना चाहते हैं, जिसका संकेत आजसू पार्टी अध्यक्ष सुदेश महतो ने बीते दिनों दिया है और झारखंड भाजपा के कई शीर्ष नेताओं के मन में भी चंपाई दा के लिए सम्मान और सहानुभूति नजर आ रहा है यानी एक अनार सौ बीमार वाली हालत झारखंड एनडीए की नजर आ रही है.

लेखक के बारे में

By Shailendra Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More