बोकारो: डीडीसी ने बच्चों को ड्रॉप्स पिला कर की राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत
बोकारो: जिले भर में आज से तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की गयी. डीडीसी गिरिजा शंकर प्रसाद,सिविल सर्जन डॉ.एबी प्रसाद,जिला परिषद उपाध्यक्ष बबीता देवी, बोकारो विधायक प्रतिनिधि संजय त्यागी,अस्पताल अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार ने सदर अस्पताल परिसर में बच्चों को पोलियों खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की. 3 लाख 53 हजार 551 बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने का लक्ष्य है. डीडीसी ने अपील किया है कि खुराक पिलाने में किसी प्रकार की कोई लापरवाही नहीं बरतें. ईमानदारी पूर्वक 0-5 वर्ष के बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाएं.
उन्होंने कहा, पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में बूथ बनाए गए हैं. अभियान के प्रथम दिन बूथों पर 0-5 वर्ष के बच्चों को खुराक पिलाई गई. दूसरे व तीसरे दिन क्रमशः 26 व 27 अगस्त तक घर-घर जाकर खुराक पिलाना है. डीडीसी ने कहा कि हर हाल में लक्ष्य की प्राप्ति करनी है. जिला स्तर के पदाधिकारी भी क्षेत्र भ्रमण के दौरान अभियान की निगरानी करेंगे. इस बार पंचायत व् प्रखंड एवं जिला स्तर से अभियान के सफल आयोजन को लेकर मॉनिटरिंग की जा रही है. अभियान को सफल बनाने के लिए कुल 2099 बूथ बनाया गया है. जिसमें 4188 वैक्सीनेटर पोलियो का खुराक पिलाएंगे. पर्यवेक्षण के लिए 287 सुपरवाइजर को प्रतिनियुक्त किया गया है.
