चाईबासा: सदर अस्पताल में तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का हुआ शुभारंभ

चाईबासा: चाईबासा सदर अस्पताल में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री दीपक बिरुवा शामिल हुए. मंत्री ने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाकर अभियान की शुरुआत की. उन्होंने कहा कि पल्स पोलियो अभियान में जिले में 0 से 5 वर्ष आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने सभी अभिभावक व लोगों से अपील की है कि वह अपने बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएं. साथ ही आसपास रहने वाले लोगों को बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के लिए प्रेरित करें. वहीं सिविल सर्जन डॉक्टर सुशांतो माझी ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी दी.  

मंत्री दीपक बिरुवा कहा कि राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान तीन दिन तक चलेगा. रविवार को निर्धारित बूथ स्तर पर और 26 व 27 अगस्त को पोलियो खुराक से छूटे हुए 0 से 5 साल तक के बच्चों को घर-घर पहुंचकर कर्मचारियों द्वारा पिलाई जाएगी. जिले के सभी गांवों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका समेत अन्य स्टाफ घर-घर पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने का काम करेंगे. कार्यक्रम को जिला परिषद अध्यक्ष सुश्री लक्ष्मी सोरेन ने भी संबोधित किया. आरडीडीई डॉक्टर विजय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन देकर कार्यक्रम का समापन किया. मंच का संचालन डीडीएम दीपक कुमार ने किया. इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे.

लेखक के बारे में

By Subodh Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More