कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोग 370 और 35A की वापसी चाहते हैं, उन्हें जवाब देना चाहिए : भाजपा

हजारीबाग, 24 अगस्त (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा को बताना चाहिए कि क्या वो नेशनल कॉन्फ्रेंस के आर्टिकल ‘370 और 35A’ की वापसी के ऐलान से सहमत हैं या नहीं ?

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने जम्मू-कश्मीर में आर्टिकल ‘370 और 35A’ को निरस्त कर दिया। इसके साथ ही वहां के दलितों आदिवासियों और पिछड़ों के साथ हो रहे भेदभाव को खत्म करके उन्हें आरक्षण देने का काम किया। साथ ही केंद्र सरकार के कर्मचारी जो जम्मू कश्मीर में काम करते थे, उन्हें पहले चुनाव के दौरान वोट देने का अधिकार नहीं था। अब उन्हें भी मतदाता सूची में शामिल होने का अधिकार मिल गया है।

उन्होंने कहा कि आगामी जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। लोकतंत्र में कोई भी राजनीतिक दल किसी भी अन्य दल से गठबंधन कर चुनाव लड़ सकता है और सरकार बना सकता है, इसमें कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन नेशनल कॉन्फ्रेंस ने एक अलग झंडा होने की घोषणा की है। इस पर मेरा एक सवाल कांग्रेस पार्टी और झारखंड में उसके सहयोगी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा से है, कि क्या आप नेशनल कॉन्फ्रेंस की इस घोषणा के समर्थन में है ?

बाबूलाल मरांडी ने आगे कहा कि यह देश की अखंडता और एकता को चोट पहुंचाने वाली बात है। नेशनल कॉन्फ्रेंस ने कहा है कि अगर हमें विधानसभा चुनाव में बहुमत मिला तो फिर से आर्टिकल 370 और 35 को बहाल किया जाएगा। यानी जम्मू कश्मीर में एक बार फिर से आतंकवाद और उग्रवाद का दौर शुरू होगा। कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा को बताना चाहिए कि क्या वो 370 और 35A की वापसी से सहमत है या नहीं ?

बता दें कि जम्मू कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस के बीच गठबंधन हुआ है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने गुरुवार को इसकी घोषणा की और कहा कि राज्य की 90 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के साथ गठबंधन को अंतिम रूप दे दिया गया है।

जम्मू-कश्मीर में तीन चरणों में चुनाव कराए जाएंगे। पहले चरण का चुनाव 18 सितंबर को होगा। वहीं दूसरे चरण का चुनाव 25 सितंबर और तीसरे चरण का चुनाव 1 अक्टूबर को होगा। मतगणना 4 अक्टूबर को होगी।

–आईएएनएस

एसएम/जीकेटी

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More