कोल्हान टाईगर चंपाई सोरेन ने सरायकेला में किया शक्ति प्रदर्शन, मांगा जन समर्थन

चाईबासा: कोल्हान टाईगर के रूप में चर्चित पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन झारखंड मुक्ति मोर्चा से अलग होकर समर्थक और जनता के समर्थन जुटाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते। नए अध्याय यात्रा के चौथे दिन चंपाई सोरेन अपने गृह जिला सरायकेला मुख्यालय पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में जुटे समर्थकों के जरिए उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों को अपनी शक्ति का प्रदर्शन कराया। इस दौरान समर्थकों ने ढोल नगाड़ों व आतिशबाजी कर उनका स्वागत किया। समर्थकों ने चंपाई दादा आप आगे बढ़ो हम सब आपके साथ है, का नारा लगाकर उऩका उत्साह बढ़ाया। सरायकेला पब्लिक दुर्गा पूजा मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में झामुमो का झंडा ढोने वाले कार्यकर्ता भी खूब नजर आए। सरायकेला टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में चंपाई सोरेन ने अपने संबोधन में मंच से ही जनता का समर्थन मांगा। एक बार फिर से अपने पुराने तेवर में नजरए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि टाटा कंपनी, पुलिस और मिलिट्री मेरे हौसलों को नहीं रोक पाई तो राजनीतिक विरोधी क्या रोकेंगे।

WhatsApp Image 2024-08-24 at 18.25.48_0b5d9337 (1)
सम्मेलन में उपस्थित लोग

जनसभा को संबोधित करते हुए चंपई सोरेन ने कहा कि 40 साल पहले जब विधायक नहीं था तब टाटा कंपनी के खिलाफ जोरदार आंदोलन कर सबसे बड़े औद्योगिक घराने की ईट से ईट बजा दी थी। तब टाटा कंपनी ने 50 लाख रुपए में मेरी हत्या का सौदा किया था। उनसे डरा नहीं और लड़कर हजारों मजदूरों को स्थाई नौकरी दिलाई। जमीन के मामले में मिलिट्री फोर्स मेरे विरुद्ध खड़ी थी, लेकिन अपार जन समर्थकों के साथ तीर धनुष से मिलिट्री के राइफलों को नीचे दिखाने का काम किया।

अपने संबोधन में राजनीतिक विरोधियों को कड़ा संदेश देते हुए चंपाई सोरेन ने जनसभा में कहा कि 5 महीने मुख्यमंत्री की कुर्सी पर रहते हुए उन्होंने बेमिसाल काम कर दिखाया, जिसे लोग भूल नहीं सकते। केवल 5 महीने में राज्य को विकास के पथ पर ले गया, भ्रष्टाचार मुक्त कार्य हुए, राज्य से अपराध का ग्राफ कम हुआ। आदिवासियों- मूलवसियों के हितों में काम किया, जो शायद पार्टी आलाकमान को पसंद नहीं आया इसलिए बेइज्जत कर कुर्सी से उतार दिया। लेकिन अब जनता के समर्थन से दोबारा मजबूत राजनीति करनी है।

आयोजित कार्यक्रम को सरायकेला जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा, गम्हरिया प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष मंत्री के सहपाठी सी के गोराई ने भी संबोधित किया। मंच पर मंत्री के साथ ,मंत्री आप्त सचिव गुरुप्रसाद महतो, मंत्री पुत्र सिमल सोरेन, बबलू सोरेन, चंचल गोस्वामी,त्रिविक्रम सिंहदेव, मिथुन , लिपू महंती मौजूद थे जनसभा का संचालन विधायक प्रतिनिधि सनद आचार्य ने किया।

लेखक के बारे में

By Santosh Verma

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More